कांकेर : बारिश का मौसम जारी है, ऐसे में नदी नाले उफान है, ऐसे में कई दुर्घटनायें सामने आ रही है, जिसमें किसी की जान भी जा रही है। ऐसे ही रविवार दोपहर कांकेर जिले की गिरहोला नदी में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पानी में एक युवक का शव लोगों ने तैरता हुआ देखा। जिसके बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है। घटना को लेकर पुलिस ने तुरंत शव को नदी से बाहर निकलवाया और उसकी पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी।
वहीँ इस प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान बुधारू यादव (35 वर्ष), निवासी चारामा के रूप में हुई है। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल पंचनामा कार्यवाही की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। साथ ही फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है। दूसरी तरफ स्थानीय लोगों में घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के स्पष्ट कारणों का खुलासा हो पायेगा। वहीँ घटना को लेकर पुलिस ने कुछ भी स्पष्ट नहीं किया है।



