भिलाई : छत्तीसगढ़ में आये दिन धर्मांतरण से जुड़े मामलों में लगातार बवाल देखा जा रहा है। ऐसे ही ताजा मामला भिलाई के जामुल थाना क्षेत्र का है, जहां ढांचा भवन क्षेत्र में एक चर्च में प्रार्थना सभा के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया है। इस मामले में बताया जा रहा है कि जामुल क्षेत्र के सन मैरिज पैलेस के पास स्थित चर्च में रविवार को एक प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया था। इस सभा में करीब 100 से अधिक लोग मौजूद थे। उसी दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और आरोप लगाया कि वहां मौजूद लोगों का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। इसके विरोध में उन्होंने चर्च के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिसके बाद यहाँ काफी बवाल मचा।
इस घटना की सूचना मिलने पर जामुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चर्च में मौजूद सभी लोगों को बाहर निकाला और बस में बैठाकर उन्हें उनके घरों के लिए रवाना कर दिया। इनमें से अधिकांश लोग कैंप और जामुल क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, इस सभा में साहू, कुर्मी, देवांगन और पटेल समाज के लोग भी शामिल थे। वहीं इस मामले को लेकर बजरंग दल की ओर से चर्च के पादरियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। जिसके आधार पर पुलिस ने पादरियों को हिरासत में ले लिया और उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। वहीँ ऐसे मामलों में पुलिस तुरंत कार्यवाही कर रही है, फिर भी गाहे – बगाहे धर्मांतरण के मामले सामने आ ही रहे है।



