रायपुर : लम्बे समय से आधे दाम पर मिलने वाली बिजली योजना अब बदलने वाली है, जहाँ बीते दिनों सरकार ने बिजली के दाम बढ़ाये है तो ऐसे में यह आम लोगों के लिये दोहरा झटका है। अब राज्य सरकार द्वारा हॉफ बिजली बिल योजना के अंतर्गत दी जाने वाली छूट की सीमा में युक्तियुक्त संशोधन किया गया है। अब प्रतिमाह दी जाने वाली 400 यूनिट की छूट के स्थान पर अब सिर्फ 100 यूनिट तक की मासिक खपत पर ही 50 प्रतिशत रियायत दी जायेगी। ऐसे में उपभोक्ताओं का बिजली बिल बढ़ने वाला है।
बिजली बिल में छूट :
वर्तमान में राज्य के 45 लाख घरेलू उपभोक्ताओं में से लगभग 31 लाख परिवार (करीब 70%) ऐसे हैं जिनकी खपत 100 यूनिट प्रतिमाह से अधिक नहीं है। अतएव हॉफ बिजली बिल की छूट सीमा के इस पुनरीक्षण के बावजूद इन 31 लाख जरूरतमंद सामान्य एवं कमजोर वर्ग के उपभोक्ता परिवारों को योजना का लाभ पहले की ही तरह मिलता रहेगा। ऐसे में प्रदेश के लगभग 70 प्रतिशत घरेलू उपभोक्ता परिवार हाफ बिजली योजना से पूर्ववत् लाभान्वित होते रहेंगे।
30 यूनिट तक मुफ्त बिजली :
इन 31 लाख परिवारों में 15 लाख बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे) परिवार भी शामिल हैं, जिन्हें पूर्ववत् हाफ बिजली बिल योजना का लाभ मिलता रहेगा। इन परिवारों को 30 यूनिट तक की मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत पहले की तरह प्राप्त होती रहेगी, साथ ही वे हाफ बिजली बिल योजना के अन्य सभी लाभों से भी यथावत् लाभान्वित होते रहेंगे। अब राज्य सरकार गरीब परिवारों को बिजली खर्च में राहत देने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीँ मध्यमवर्गीय परिवारों के लिये बड़ा झटका है।



