धर्मांतरण को लेकर मचा बवाल, हिन्दू संगठन और ईसाई समुदाय आमने सामने।

बिलासपुर : धर्मान्तरण के बवाल थमने का नाम नहीं ले रहे है, ऐसे ही बिलासपुर जिले में एक के बाद एक धर्मांतरण के मामले सामने आ रहे हैं। अब एक बार फिर पचपेड़ी थाना क्षेत्र के जोंधरा गांव धर्मांतरण को लेकर बवाल हो गया। यहाँ आरोप है कि प्रार्थना सभा के आड़ में हिन्दुओं का धर्मांतरण किया जा रहा था। इस मौके पर पहुंचकर हिंदू संगठनों ने जमकर हंगामा किया। बवाल के मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत करवा कर जांच में जुट गई। जानकारी के मुताबिक पचपेड़ी थाना क्षेत्र के जोंधरा गांव में एक ग्रामीण के घर पर प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं थी। बताया जा रहा है कि सभा के दौरान भजन-कीर्तन भी हो रहा था।

इसी बीच आसपास के कुछ लोगों ने सभा को धर्मांतरण की आड़ बताया और इसका विरोध किया। देखते ही देखते यह मामला बढ़ा और गांव का माहौल गरमा गया। जिसके बाद सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और आरोप लगाया कि प्रार्थना सभा के नाम पर ग्रामीणों को बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। उनका कहना था कि गांवों में इस तरह की गतिविधियां लंबे समय से चल रही हैं और भोले-भाले लोगों को लालच देकर धर्म बदलने के लिए प्रेरित किया जाता है। यह कृत्य विधर्मियों द्वारा लगातार जारी है।

दूसरी ओर, ईसाई समुदाय के लोगों ने इन आरोपों को खारिज किया। उनका कहना है कि यह केवल प्रार्थना और भजन-कीर्तन का कार्यक्रम था, जिसका किसी तरह के धर्मांतरण से कोई संबंध नहीं है। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष थाने पहुंच गए और अपनी-अपनी शिकायतें दर्ज कराई। यहाँ जोंधरा गांव में हुई इस घटना के बाद से ग्रामीणों में तनाव का माहौल बन गया। हालांकि पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाईश दी और शांति बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच करने की बात कही और यदि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पाई जाती है तो कड़ी कार्यवाही भी की जायेगी।