बरेली (उ.प्र.) : अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग के मामले से जुड़ी खबर सामने आई है। यहां बरेली में पुलिस ने दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग करने वाले पांचवें आरोपी का हाफ एनकाउंटर कर दिया है। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्यवाही में उसके पैर में गोली लग गई। इस आरोपी ने दिशा पाटनी के घर की रेकी की थी, इस मामले में कार्यवाही करने के लिये पुलिस को खास निर्देश मिले थे। जानकारी के मुताबिक बरेली देहात के शाही थाना क्षेत्र के जंगलों में पुलिस से मुठभेड़ में गोली लगने से आरोपी घायल हुआ है। घटना के बाद आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए भी नजर आया है।
बता दें कि दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग मामले में अब तक पांच आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की जा चुकी है। इसमें से दो आरोपी एनकाउंटर में मारे जा चुके हैं, तो नाबालिगों को पुलिस ने पकड़ लिया है। वहीं अब एक अन्य आरोपी पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में घायल हुआ है। पुलिस ने इस मामले में स्वस्फूर्त कार्यवाही की है। बता दें कि दिशा पाटनी के घर पर बीते हफ्ते फायरिंग की घटना हुई थी। शूटरों ने 10 राउंड से ज्यादा गोलियां चलाई थीं, जिससे दिशा पाटनी और उसके परिजन दहशत में थे, अब उन्होंने राहत की सांस ली है। गोली चलाने वाले दो आरोपी बीते बुधवार को यूपी के गाजियाबाद में एनकाउंटर में मारे गए थे। वहीं अब आज सुबह इसी मामले में दो नाबालिग आरोपियों को पकड़ा गया है।



