थाना प्रभारी ने पहले रिपोर्ट दर्ज करने के लिए महिला से और फिर आरोपी को मुचलके पर रिहा करने के लिए मांगे पैसे, बनाया कानून का मजाक।

बिलासपुर : किसी भी सरकारी विभाग में बिना रिश्वतखोरी के काम नहीं होता, ये तो तय है. लेकिन यहाँ चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ दोनों तरफ से उगाही की गई है। मामला है तखतपुर थाना प्रभारी का, उसने रिपोर्ट दर्ज करने पहले महिला से 30 हजार रुपए वसूले फिर दूसरी ओर आरोपी को मुचलके पर छोड़ने के एवज में 20 हजार रुपए की उगाही कर ली। इस मामले की जानकारी होने पर एसएसपी रजनेश सिंह ने टीआई को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है।

जानकारी सामने आई है की तखतपुर क्षेत्र की रहने वाली एक महिला छेड़छाड़ और लूट की रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंची थी।इससे पहले महिला की रिपोर्ट दर्ज करने से टीआई आनाकानी करता रहा, और लगातार मना करता रहा और फिर तीस हजार रुपए की मांग की। इस पर पीड़िता ने 10 हजार रुपए उसे दिया और रिपोर्ट दर्ज होने के बाद बाकी रकम देने की बात कही। जिसके बाद मामला दर्ज किया गया।

इस मामले में टीआई ने एक आरोपी को पकड़ा और उसके खिलाफ लूट की धारा न लगाने के लिए 20 हजार रुपए लिया और उसे मुचलके पर छोड़ दिया। इस घटना की शिकायत पीड़ित महिला और उसके पति ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की। इस पर नाराज एसएसपी ने टीआई को जमकर फटकारा और वसूली की रकम महिला को दिलवाई। इसके साथ ही टीआई अनिल अग्रवाल को लाइन अटैच करते हुए उसके स्थान पर विवेक पांडेय को तखतपुर थाना प्रभारी बनाया गया है। इस तरह इस मामले ने न्याय व्यवस्था को ठेंगा दिखाया है।