कोरबा : कटघोरा में प्रेमी जोड़े के भागने और कथित लव जिहाद से उपजे विवाद के बाद यूपी से भाड़े के शूटर बुलाकर गोली चलवाई गई थी, जिससे जिले में दहशत का माहौल बन गया था। शनिवार को गोलीकांड के मास्टरमाइंड शक्ति को पुलिस ने रायपुर से पकड़ा है। घटना के बाद बीते बुधवार की रात हुए गोलीकांड के बाद से आरोपी शक्ति फरार था। जिसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है।इस मामले में अब तक पुलिस ने कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी शक्ति भाजपा नेता बताया जा रहा है।
गोलीकांड का मास्टरमाइंड शक्ति और उसके सहयोगी बबलू से पूछताछ की जा रही है। जिससे और भी खुलासे होने की उम्मीद है। इस वारदात में और लोगों के नाम भी शामिल सकते हैं। शक्ति कोरबा जिले के बीजेपी के कोसाबाड़ी मंडल में पदाधिकारी है। जिसके सोशल मीडिया अकाउंट में लॉरेंस बिश्नोई की वीडियो अपलोड है। शक्ति के पकड़े जाने के बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने अपने सोशल मीडिया पर कोरबा के विधायक और कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के साथ शक्ति की तस्वीर साझा की है। पोस्ट में लिखा है कि अब यह स्पष्ट है कि भाजपा अपराधियों को संरक्षण दे रही है। जिससे कांग्रेस सत्ताधारी पार्टी पर आक्रामक हो गई है। वहीँ भाजपा नेता प्रकाश बजाज ने कहा है कि कांग्रेस के समय एजाज़ ढेबर के महापौर रहने पर कांग्रेस समर्थित गुंडों ने कितना आतंक मचाया था , वह जगजाहिर है।
इस गोलीकांड की घटना के बाद से ही पुलिस शक्ति को तलाश रही थी। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस वारदात को अंजाम देने के बाद शक्ति मुंबई चला गया था। वहां से लौटकर वापस रायपुर आया और यही से पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने शक्ति को अपने मुखबिर तंत्र और तकनीक की मदद से गिरफ्तार किया है। शक्ति सिंह उर्फ शक्ति दास के साथ उसके सहयोगी बबलू को भी गिरफ्तार किया गया है। इनके अलावा गोलीकांड की घटना के बाद यूपी से सुपारी लेकर गोली चलाने वाले दुर्गेश पांडेय को पुलिस ने पहले ही पकड़ लिया है। कोरबा शहर के मानिकपुर थाना क्षेत्र के निवासी हर्ष और आशीष जांगड़े को भी इसी मामले में पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल भेज दिया था। वहीं पुलिस भी इस मामले को गंभीरता से ले रही है।
इस मामले में एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया है कि ”मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। शक्ति को रायपुर से गिरफ्तार किया गया है। उसके साथ सहयोगी बबलू भी गिरफ्तार हुआ है।सभी से पूछताछ की जा रही है। जिसके बाद और भी खुलासे हो सकते हैं।” वहीँ पुलिस ने इस मामले में लगातार कार्यवाही की है।



