खैरागढ़ : राज्य में शांत माहौल को लगातार खराब करने वालों के कई शिकायतें दी जा चुकी है, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। सिन्धी समाज ने भी राज्य में अमित बघेल के खिलाफ कई जिलों में FIR दर्ज करवाई है। वहीँ अमित बघेल ने महाराजा अग्रसेन के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी की है, जिसके बाद अग्रवाल समाज ने भी कड़ा रुख अपनाया है। समाज ने इस बयान को अपने आराध्य देव के प्रति सीधा अपमान बताते हुए खैरागढ़ पुलिस थाने में आवेदन देकर अमित बघेल के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने और तत्काल कार्यवाही की मांग की है। वहीँ इन सभी मामलों में अमित बघेल ने स्पष्ट कहा है कि वो किसी भी कीमत पर माफ़ी नहीं मांगेंगे और अपना कार्य जारी रखेंगे, उन्हें जेल जाने से कोई गुरेज नहीं है।
वहीँ इस मामले में मिली जानकारी के अनुसार, अमित बघेल ने हाल ही में समाज के पूज्य महाराजा अग्रसेन के प्रति आपत्तिजनक और अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही अग्रवाल समाज के लोगों में आक्रोश है। समाज के लोगों ने इसे धार्मिक और सामाजिक आस्था पर हमला बताया है।
खैरागढ़ में अग्रवाल समाज के प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि महाराजा अग्रसेन न केवल अग्रवाल समाज बल्कि समूचे व्यापारी वर्ग के आराध्य देव हैं। उनके विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणी करना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। समाज ने मांग की है कि अमित बघेल पर धार्मिक भावनायें भड़काने और सामाजिक सौहार्द्र बिगाड़ने के गंभीर आरोपों के तहत सख्त धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया जाए और उनकी तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
कार्यवाही नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी :
इस मामले में अग्रवाल समाज ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्यवाही नहीं होती है तो समाज चरणबद्ध आंदोलन करने पर विवश होगा। समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि इस मामले में प्रशासन को निष्पक्ष और त्वरित कदम उठाना चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी धर्म या समाज के पूज्य व्यक्तित्व के प्रति इस तरह की अभद्र भाषा का प्रयोग करने का दुस्साहस न कर सके। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भी अमित बघेल के खिलाफ व्यापक विरोध देखा जा रहा है। कई सामाजिक संगठनों ने इसे समाज में वैमनस्य फैलाने की कोशिश बताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। जिसको लेकर सभी इसकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे है।
वहीँ मनेन्द्रगढ़ में भी महाराजा अग्रसेन पर अभद्र टिप्पणी से अग्रवाल समाज आक्रोशित है। समाज के लोगों ने सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ पहुंचकर आवेदन दिया है और आरोपी छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की है।



