बलौदा बाजार : दो दिन पहले ग्राम चरौटी में पैरावट में जली मिली युवती की लाश को लेकर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। सामने आये मामले में लगे आरोप के अनुसार, आरोपी ने युवती की हत्या के बाद उसे जला दिया था। यह घटना 25 अक्टूबर की बताई गई है। ग्राम चरौटी में पैरावट में जली हुई तेजस्विनी पटेल की लाश मिलने के बाद पुलिस ने उसका पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका के शरीर पर चाकू व डंडे से वार के चिन्ह मिले है। इस आधार पर पुलिस ने विवेचना की तो पता चला कि युवती के साथ मजदूरी करने वाला एक युवक सालिकराम पैकरा के साथ पूर्व में उसके प्रेम संबंध थे। दोनों के बीच काफी समय से बातचीत थी।
आरोपी ने स्वीकारी हत्या की बात :
पुलिस ने इस मामले में आरोपी सालिकराम को पकड़ा तो उसने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में प्रेम संबंध के पश्चात मनमुटाव होने पर दोनों अलग हो गए थे। अब आरोपी फिर से उसके साथ जबरदस्ती संबंध बनाना चाह रहा था। इस घटना की रात को आरोपी ने बहाने से युवती को बुलाया और उससे संबंध बनाने का प्रयास करने लगा। युवती के विरोध से वह आक्रोशित हो गया और चाकू व डंडे से वार कर उसे मार डाला। हत्या के पश्चात पैरावट में आग लगाकर उसमें युवती के शव को जला दिया।
हत्या के बाद घर जाकर सोया :
पुलिस के अनुसार, युवती की हत्या के बाद आरोपीसालिकराम पैकरा सीधे अपने घर चला गया। सुबह उठकर वह ग्राम डमरू चला गया। आरोपी की सामान्य स्थिति देखकर किसी को उस पर कोई संदेह नहीं हुआ। पुलिस ने बताया कि आरोपी सालिकराम पैकरा महिलाओं के वेशभूषा में रहने व फोटो खिंचवाने का शौकीन था। जांच में पुलिस को अलग-अलग युवतियों के नाम से सोशल मीडिया में ढेरों आईडी बनी मिली है। इन्हें आरोपी सालिकराम ही चलाया करता था। पुलिस ने बताया कि वह इन आईडी से युवती बनकर लोगों से चेटिंग भी किया करता था। वहीँ अब इस मामले में पुलिस ने जांच की बात कही है।



