जशपुर : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक घिनौनी और शर्मनाक घटना सामने आई है, यहां एक शिक्षक ही ‘शैतान’ बन गया। शिक्षक ने अपने घर में काम करने वाली 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ कई बार दुष्कर्म किया। यह घटना तब प्रकाश में आई जब पीड़िता किसी तरह आरोपी के चंगुल से भाग निकली और अपने परिवार को आपबीती बताई। पीड़िता ने अपनी खौफनाक कहानी बयान की है। जिसके बाद यह मामला दर्ज होते ही फरार चल रहे आरोपी शिक्षक गिरधारी राम यादव को जशपुर पुलिस ने एक विशेष रणनीति के तहत जाल बिछाकर आखिरकार गिरफ्तार कर लिया।
पीड़ित नाबालिग आरोपी शिक्षक गिरधारी राम यादव के घर में घरेलू काम करने के साथ-साथ वहीं से स्कूल भी जाती थी। इसी दौरान शिक्षक ने लड़की को अकेला पाकर बार-बार उसके साथ छेड़छाड़ की और दुष्कर्म की घिनौनी हरकत को अंजाम दिया, घटना के बाद पीड़िता डरी सहमी रही। वहीँ शिक्षक की इस करतूत से परेशान होकर, एक दिन बालिका उसके घर से भाग निकली और सीधे अपने परिजनों के पास पहुंची। उसने हिम्मत दिखाते हुए अपने साथ हुए अत्याचार की पूरी जानकारी घरवालों को दी।
मामला दर्ज कर पुलिस ने दिखाई तत्परता :
पीड़िता के साथ हुई गंभीर घटना को सुनकर परिजन 14 नवंबर 2025 को तत्काल बच्ची को लेकर सिटी कोतवाली जशपुर पहुंचे और आरोपी शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस ने बिना देर किए आरोपी शिक्षक गिरधारी यादव के खिलाफ सख्त धाराओं में बीएनएस की धारा 74, 75, 64(2)(M), 65(1) के साथ-साथ बच्चों को यौन अपराधों से बचाने वाले कानून (पॉक्सो एक्ट) की धारा 6 और 8 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी की खोजबीन में जी-जान लगा दिया।
पुलिस ने बिछाया गिरफ्तारी का जाल :
घटना की FIR दर्ज होते ही आरोपी शिक्षक गिरधारी यादव मौके से फरार हो गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने इस गंभीर मामले में तुरंत कार्यवाही करते हुए आरोपी को पकड़ने के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया। ये सभी टीमें लगातार आरोपी के छिपने के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। इसके साथ ही, पुलिस की टेक्निकल टीम भी आरोपी के फोन लोकेशन को ट्रैक कर रही थी। सबसे महत्वपूर्ण, पुलिस की एक टीम सादी वर्दी में आरोपी के घर और उसके आसपास के क्षेत्रों की लगातार निगरानी कर रही थी ताकि वह बचकर न निकल पाए। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस ने ऐसे पकड़ा :
पुलिस की रणनीति तब कामयाब हुई जब आरोपी गिरधारी यादव, शायद यह सोचकर कि अब खतरा टल गया है, कपड़े और कुछ पैसे लेने के लिए अपने घर पहुंचा। जैसे ही वह घर में दाखिल हुआ, पहले से ही मुस्तैद सादी वर्दी वाली पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। जिसके बाद गहन पूछताछ के दौरान आरोपी शिक्षक ने अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस को भी इस मामले में पुख्ता सबूत हाथ लगे हैं। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और अब उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज :
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने इस गिरफ्तारी के संबंध में कहा कि “जशपुर पुलिस बच्चों और महिलाओं से जुड़े अपराधों के प्रति अत्यंत संवेदनशील है। कोतवाली क्षेत्र के इस गंभीर मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। हम सुनिश्चित करते हैं कि ऐसे मामलों में त्वरित और सख्त कार्यवाही की जाएगी।” पुलिस ने इस संवेदनशील मामले में त्वरित कार्यवाही आरोपी को पकड़कर एक उदाहरण पेश किया है।



