महिला की इंस्टाग्राम आईडी हथियाकर कर सतनामी समाज के खिलाफ किया भड़काऊ पोस्ट, पुलिस की गिरफ्त में आरोपी युवक।

कवर्धा : सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर कुछ लोग राज्य में माहौल खराब करना चाहते है, लेकिन उन्हें ये नहीं पता की ऑनलाईन में आप बच नहीं सकते है। ऐसे ही एक मामले में सतनामी समाज के खिलाफ सोशल मीडिया पर भड़काऊ टिप्पणी करने और एक महिला की इंस्टाग्राम आईडी हैक कर अशोभनीय पोस्ट डालने वाले आरोपी को कबीरधाम पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का जुलूस निकाला और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी कई दिनों से पुलिस की पकड़ से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन तकनीकी निगरानी के आधार पर आखिरकार गिरफ्त में आ गया। ऐसे ही कई लोग इन दिनों राज्य में माहौल खराब करने पर तुले हुये है।

इस मामले में मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भिभौरी निवासी एक महिला ने थाना लोहारा में शिकायत दर्ज कराई थी कि मोबाइल नंबर 7058432636 धारक ने उनकी इंस्टाग्राम आईडी का पासवर्ड प्राप्त कर समाज विशेष के विरुद्ध भड़काऊ टिप्पणी पोस्ट की है और उनके फोटो पर अश्लील शब्द लिखकर अपलोड किया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अपराध दर्ज किया और बीएनएस की धारा 296, 299, 352 तथा आईटी एक्ट की धारा 65 के तहत विवेचना शुरू कर दी।

वहीं मामले में पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल और पंकज पटेल तथा एसडीओपी प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में लोहारा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई थी। इस टीम ने मोबाईल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर आरोपी सागर बारा पात्रे (35 वर्ष), निवासी लकड़गंज, नागपुर को उसकी सकुनत से गिरफ्तार किया है।

मामले की पूछताछ में आरोपी ने महिला की इंस्टाग्राम आईडी हैक कर भड़काऊ और अशोभनीय पोस्ट करने की बात स्वीकार की है। जिसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाईल फोन भी जब्त किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कुछ लोग फर्जी आईडी बनाकर भी सभी समाजों को आपस में लड़ाने का कुत्सित प्रयास कर रहे है, ऐसे में आप उन्हें प्रतिक्रिया देकर उनके मंसूबे कामयाब करने के बजाय ऐसे लोगों की पुलिस को जानकारी दें।