शादी के कार्ड पर दुल्हे का नाम था ‘बबलू यादव’, आधार कार्ड पर निकला ‘जलालुद्दीन’, हिन्दू संगठन को सूचना के बाद मचा बवाल।

रायबरेली (उ.प्र.) : लव जिहाद के कई मामले सामने आ चुके है, जिसमें नाम बदलकर हिन्दू युवती को बरगलाया जाता है, ऐसे ही उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के एक होटल में उस समय हंगामा मच गया, जब एक युवक के नाम बदलकर शादी करने की जानकारी करणी सेना और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को लग गई। तब उन्होंने मौके पर पहुंचकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस बढ़ते विवाद के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सभी लोगों को शांत करने के बाद लड़की और लड़के के परिवार को घर भेज दिया। बिना दुल्हन के ही दूल्हा वापस अपने घर लौट गया। यह जानकारी सामने आने के बाद काफी बवाल मचा।

दरअसल, हरचंतपुर थाना क्षेत्र के डिडौली के पास एक होटल में एक युवक और युवती अपने परिवारों की मर्जी से शादी करने पहुंचे थे, दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग का मामला बताया जा रहा है। इस मामले में मिली जानकारी के अनुसार, बिहार का रहने वाला युवक, जिसने कथित तौर पर अपना नाम और धर्म बदलकर हिंदू नाम बबलू रखा हुआ था। वह रायबरेली की एक हिंदू युवती से होटल में शादी करने के लिए आया था। शादी के कार्ड पर युवक का नाम हिंदू पहचान के साथ छपा हुआ था, जबकि उसके आधार कार्ड की जांच में वह मुस्लिम समुदाय का निकला। जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।

पहचान छिपाकर शादी :

उसकी पहचान जलालुद्दीन एम. अकबर के तौर पर हुई। वहीँ होटल में शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। मंडप, जयमाल और अन्य रस्मों की भी व्यवस्था लगभग पूरी हो चुकी थीं कि बड़ी संख्या में करणी सेना और बजरंग दल के लोग होटल पहुंच गए। उन्होंने आपत्ति दर्ज कराते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि युवक ने पहचान छिपाकर धोखे से शादी की योजना बनाई है। जिसके बाद बढ़ते विवाद को देखते हुए होटल मालिक ने अपने परिसर में शादी समारोह कराने से साफ इंकार कर दिया, जिसके बाद शादी रुक गई।

हिंदू संगठनों ने किया हंगामा :

इस हंगामे की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद पुलिस ने लड़के और लड़की के परिवार को सुरक्षित रूप से होटल के बाहर निकलवाया। इसके साथ ही घटनास्थल पर आए रिश्तेदार और मेहमान भी मौके से वापस लौट गए। विरोध और तनाव के माहौल के कारण युवक और युवती को भी बिना शादी किए ही लौटना पड़ा। वहीँ इस मामले में पुलिस ने बताया कि दोनों परिवार शादी के लिए पूरी तरह सहमत थे, लेकिन विरोध करने वालों ने आरोपी युवक पर पहचान बदलकर शादी करने को लेकर आपत्ति जताई थी।

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है, जिसमें युवक की ओर से पहचान छिपाने, कागजों में अलग नाम और हंगामे की परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है। इस मामले ने स्थानीय स्तर पर काफी तनाव पैदा कर दिया है, लेकिन पुलिस ने स्थिति को शांत रखा है, वहीँ इस मामले में पुलिस की जांच के बाद आगे की कार्यवाही की जायेगी। इसमें यह पता लगाया जायेगा की वास्तविक रूप से सहमति से विवाह हो रहा था या किसी प्रकार का कोई दबाव था।