रायपुर : साईबर ठग किसी भी व्यक्ति को नहीं छोड़ते है, एक न एक व्यक्ति इनका शिकार हो ही जाता है। ऐसे में अब चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें भाजपा विधायक सुनील सोनी से साईबर ठगी की कोशिश की गई है। छत्तीसगढ़ के रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट से विधायक सुनील सोनी के पास 19 नवंबर को एक फोन आया था। यह फोन किसी अज्ञात नंबर से किया गया था। ठगों ने उन्हें डिजिटल अरेस्ट करने की कोशिश की। ठग ने फोन करके कहा कि वह इंटेलिजेंस ब्यूरो के अधिकारी हैं। करीब 5 मिनट तक वह विधायक को धमकी देते रहे। जिसके एवज में उन्होंने उनको अपना परिचय दिया, फिर भी वो अपनी बात पर अड़े रहे।
इस मामले की जानकारी देते हुए विधायक सुनील सोनी से कहा कि जिस नंबर से फोन आया था उसमें कहा गया कि आपके मोबाईल नंबर का उपयोग पहलगाम आतंकी हमले में किया गया है। आपको दिल्ली आना पड़ेगा। विधायक ने अपना परिचय दिया कि वह रायपुर दक्षिण से विधायक हैं जिसके बाद ठग ने कहा कि आप कोई भी हों आपको दिल्ली आना ही पड़ेगा। हालांकि जब विधायक को शक हुआ तो उन्होंने कॉल कट कर दी। इस तरह ठग ने विधायक पर दबाव बनाया।
विधायक ने दर्ज कराई शिकायत :
विधायक सुनील सोनी ने इस मामले की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पूरे घटना की जानकारी SSP को दी है। पुलिस ने विधायक की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है। विधायक ने वह फोन नंबर भी पुलिस को दिया है जिसमें उनके पास फोन आया था। इस मामले में विधायक सुनील सोनी ने कहा कि ठग ने इंटेलिजेंस ब्यूरो बनकर कॉल किया था। लेकिन वह जिस तरह की भाषा का प्रयोग कर रहा था, उसने मानसिक रूप से सोचने को मजबूर कर दिया। कॉलर ने कहा कि आपको दिल्ली में तलब होना ही पड़ेगा। कॉलर ने मेरा नंबर सही बताया और कहा कि आपके फोन का उपयोग कश्मीर आतंकी घटना में हुआ है। जिसके बाद मैंने उसको अपना परिचय दिया। तो कॉलर ने कहा कोई भी हो, जहां से भी हो, दिल्ली तलब होना पड़ेगा।
इसके बाद विधायक को शक हुआ तो विधायक ने फोन काट दिया। उसके बाद उन्होंने इस पूरे मामले की जानकारी दी। फिलहाल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह का कॉल किसी के पास भी आए तो वह सबसे पहले पुलिस को सूचना दे। इस तरह से ठगबाज किसी को भी ठगने से बाज नहीं आ रहे है।



