राजकुमार कॉलेज से नगर निगम ने की संपत्तिकर की वसूली, लम्बे समय से था बकाया, आम जनता ने उठाया ये सवाल….।

रायपुर : रसूखदारों पर प्रशासन की ढिलाई समझ में नहीं आती है, जबकि आम आदमी के उपर तुरंत कार्यवाही हो जाती है, तीन बार निगम की सत्ता बदल गई, लेकिन रसूखदारों पर अब भी बड़ा बकाया है। मामला है नगर निगम रायपुर ने 14 साल के बाद राजकुमार कॉलेज से बकाया राजस्व की वसूली की है, जिसमें अब तक कोई कार्यवाही नहीं की गई थी। राजकुमार कॉलेज ने वर्ष 2012-13 से 2025-26 तक संपत्ति टैक्स नहीं चुकाया था। इस पर लम्बे समय बाद कार्यवाही करते हुए नगर निगम जोन 5 की टीम ने 1 करोड़ 64 लाख रुपए का बकाया संपत्तिकर वसूला है। इस कार्यवाही की नगर निगम आयुक्त ने सराहना की है। जबकि आम आदमी यह खबर जानकर हैरान है, कि अब तक कार्यवाही क्यूँ नहीं की गई।

नगर निगम ने 14 सालों तक नोटिस पर नोटिस जारी करने का खेल खेला, लेकिन हैरानी की बात है कि कोई कार्यवाही नहीं की गई। वहीं निगम के इस रवैये को लेकर लोग सवाल उठा रहे थे कि छोटे व्यापारी और आम जनता के यहां घुसकर उनके सम्पत्ति को सील कर तुरंत बकाया कर वसूल किया जाता है, और जबरन संपत्तिकर में वृद्धि करके वसूली की जाती है, लेकिन राजकुमार कॉलेज पर 14 सालों तक कोई कार्यवाही नहीं की गई। इससे निगम का दोहरा चरित्र उजागर हुआ है।

अब जब लगातार सवाल उठने पर नगर निगम की टीम ने कार्यवाही करते हुए राजकुमार कॉलेज से बकाया राजस्व की वसूली की है। तब इस मामले में आयुक्त विश्वदीप और उपायुक्त जागृति साहू ने जोन कमिश्नर खीरसागर नायक के नेतृत्व में पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की है। आयुक्त ने कहा, इस बकाया वसूली से नगर निगम के राजस्व में महत्वपूर्ण योगदान होगा। वहीँ दूसरी तरफ आम लोगों ने सवाल उठाया है कि बाकी रसूखदारों से कब वसूली होगी?