टोल प्लाजा संचालक अवैध वसूली से नहीं आ रहा बाज, लोगों में जमकर आक्रोश।

सक्ती : टोल प्लाजा संचालक लगातार अवैध वसूली का प्रयास कर रहा है, जिसकी शिकायतें सामने आ रही है, वहीँ अब फिर से छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में टोल प्लाजा पर एक बार फिर टोल संचालक की मनमानी सामने आई है। आरोप है कि टोल प्लाजा कर्मचारियों ने ट्रकों को रोककर ओवरलोडिंग के नाम पर अवैध वसूली की है, जो कि आमतौर पर टोल संचालक का कार्य नहीं होता। इसे लेकर ट्रांसपोर्टरों और टोल कर्मचारियों के बीच जमकर विवाद हुआ।

जानकारी के अनुसार टोल प्लाजा पर ट्रकों से ओवरलोडिंग का हवाला देकर प्रति वाहन करीब 800 रुपये नगद की मांग की जा रही थी। जब ट्रांसपोर्टरों ने इसका विरोध किया तो मामला बढ़ गया। नाराज ट्रांसपोर्टरों ने अपनी सभी गाड़ियों को टोल प्लाजा के सामने खड़ा कर दिया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर घंटों तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। लंबा जाम लगने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बता दें कि दो दिन पूर्व भी टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने सड़क पर खंभा गाड़कर रास्ता बाधित कर दिया गया था, ताकि लोग मजबूरन टोल प्लाजा से होकर ही गुजरे। जिससे स्थानीय लोगों से भी विवाद खड़ा हो गया। जिसे कलेक्टर ने कार्यवाही कर सुधार किया।

जानकारी के अनुसार टोल प्लाजा के संचालक ओर ट्रांसपोर्टर्स के बीच ओवरलोड गाड़ियों को लेकर एक समझौता हुआ था, जिसके तहत 2 जनवरी तक ओवरलोडिंग के नाम पर शुल्क पहले से तय था या कहे कि दिया जा चुका था, मगर टोल संचालक ने सप्ताहभर पूर्व ही गाड़ियों से वसूली शुरू कर दी। इसके चलते ट्रांसपोर्टर्स नाराज हो गए और टोल प्लाजा पहुंचकर जमकर हंगामा किया। टोल संचालक द्वारा अवैध वसूली के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे है।