रायपुर : बीते 5 वर्षों के दौरान ठंड में काफी कमी देखि गई थी , वहीँ इस वर्ष ठंड में बेतहाशा वृद्धि हो गई है। छत्तीसगढ़ में मौसम का रुख अब लगातार सर्द होता जा रहा है। राज्य के उत्तर-मध्य हिस्सों में ठंड के साथ कोहरा भी बढ़ने लगा है और मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के भीतर कुछ जिलों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। वहीं आने वाले पांच दिनों में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी के संकेत हैं, हालांकि इसके बावजूद सर्दी का असर कम होने की उम्मीद नहीं है।
इसके साथ ही मौसम विभाग ने साफ किया है कि प्रदेश में इस समय कोई बड़ा मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है, इसलिए फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। इसके साथ ही आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है, लेकिन सुबह-शाम की ठिठुरन फिलहाल जारी रहेगी और रातें सर्द होंगी।
वहीँ सरगुजा संभाग में कड़ाके की ठंड जारी है, यहाँ ओस की बूंदें ओलों में परिवर्तित हो रही है। सोमवार को प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर, प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को रायपुर में घना कोहरा छाने की संभावना है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह और देर रात ठंड का असर खासतौर पर महसूस किया जा सकता है। देर रात को ठंड में घूमने से बचें।



