रायपुर : मौसम के बदलाव से लोग लगातार बीमार पड़ रहे है, वहीँ छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन जल्द ही प्रदेश के उत्तरी भाग में फिर से हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ने वाली है, जिसका प्रभाव पूरे राज्य पर पड़ेगा, वहीँ मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार से अगले दो दिन उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो पॉकेट में शीतलहर चलने की संभावना है। हालांकि इस बीच प्रदेश के तापमान में खास बदलाव नहीं होगा।
मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर शहर में 15 जनवरी को हल्की धुंध छाए रहने की संभावना जताई गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीँ मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि अगले 3 दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, इसके बाद 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोत्तरी संभव है। मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया गया है।
छत्तीसगढ़ के प्रमुख शहरों के तापमान :
| शहर / स्टेशन | अधिकतम तापमान (°C) | सामान्य से अंतर | न्यूनतम तापमान (°C) | सामान्य से अंतर |
|---|---|---|---|---|
| माना एयरपोर्ट (रायपुर) | 27.9 | -0.1 | 10.8 | -2.6 |
| बिलासपुर | 27.4 | +0.2 | 11.8 | -1.3 |
| पेंड्रारोड | 24.0 | -0.7 | 8.8 | -1.9 |
| अंबिकापुर | 22.8 | +0.3 | 4.6 | -4.3 |
| जगदलपुर | 29.7 | -0.8 | 11.8 | +0.2 |
| दुर्ग | — | — | 10.4 | -3.1 |
| राजनांदगांव | — | — | — | — |
सिनोप्टिक सिस्टम की वजह से बढ़ी ठंड :
दरअसल, हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभपहाड़ों पर बर्फबारी के साथ मैदानी क्षेत्रों में ठंडी हवाओं को धकेल रहा है, जिसे सब-ट्रॉपिकल जेट स्ट्रीम बेहद तेज गति से मध्य भारत की ओर पहुंचा रही है। इस मौसमी तंत्र के चलते छत्तीसगढ़ के सरगुजा, रायपुर और दुर्ग संभाग के कई जिलों में रात का पारा सामान्य से 3-6 डिग्री नीचे गिर गया है, जिससे ठिठुरन बढ़ गई है। सुबह और देर रात कोहरे के साथ-साथ कई इलाकों में शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है। ठंड में वृद्धि होगी। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 2 दिनों तक उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंडी हवाओं का यह सिलसिला जारी रहेगा, जिससे विशेषकर ग्रामीण और मैदानी क्षेत्रों में ठिठुरन और अधिक महसूस की जायेगी। दो दिनों के बाद मौसम में बड़ा बदलाव संभव है।