खौफ में राजधानीवासी, गांजा तस्कर रवि साहू और मुकेश बनिया से जुड़े गुर्गों के बीच हुई जमकर चाकूबाजी।

रायपुर : राजधानी में अपराध चरम पर है, जिस पर लगाम लगाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम लागू किया गया है, लेकिन इसके बावजूद शहर में लगातार लूटपाट, चाकूबाजी और मारपीट जैसी घटनायें सामने आ रही हैं, राजधानी की गली – गली में गैंगबाजी जारी है। इसी कड़ी में राजधानी के कालीबाड़ी के गांधीनगर क्षेत्र से देर रात गैंगवार का मामला सामने आया है। जहां गांजा तस्कर हिस्ट्रीशीटर रवि साहू और मुकेश बनिया से जुड़े गुर्गों के बीच आपसी रंजिश को लेकर चाकूबाजी हो गई। इस मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को हिरासत में लिया है। इस घटना के बाद से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल बन गया है।

मामले में कार्यवाही कोतवाली थाने के अंतर्गत की गई है। मामले में सामने आया है कि कालीबाड़ी के गांधीनगर क्षेत्र में अभिषेक सोनी और विक्रम के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इस विवाद ने देखते ही देखते गैंगवार का रूप ले लिया। इस दौरान विक्रम ने अपने साथियों के साथ मिलकर अभिषेक को दौड़ा लिया और उस पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि इस पूरे विवाद के पीछे गांजा बेचने को लेकर पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।

इसके साथ ही यह भी बताया जा रहा है कि गांधीनगर क्षेत्र में रहने वाला हिस्ट्रीशीटर रवि साहू फिलहाल गांजा तस्करी के मामले में 10 साल की सजा काट रहा है और जगदलपुर जेल में बंद है। जबकि नेहरु नगर निवासी मुकेश बनिया भी इसी मामले में रायपुर जेल में बंद है। वहीँ दोनों पक्षों के बदमाश आपस में भीड़ गये।

पुलिस हिरासत में तीन आरोपी :

इस घटना की जानकारी के बाद डीसीपी सेंट्रल जोन और डीसीपी क्राइम के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साईबर यूनिट एवं थाना सिटी कोतवाली रायपुर की संयुक्त टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए 12 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। फिलहाल हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ कर साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं तथा अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है, वहीँ इस घटना में युवकों के घायल होने की जानकारी भी सामने आई है।