रक्सेल गैंग ने अल्ताफ और राशीद पर किया चाकू से हमला, मौदहापारा में चाकूबाजी के बाद तनाव, मामला पुरानी रंजिश का।

रायपुर : रक्सेल गैंग और मौदहापारा के गैंग के बीच लम्बे समय से रंजिश चल रही है। इसी को लेकर रायपुर में रमजान की इफ्तारी लेने जा रहे युवकों पर हमला हुआ है। सोमवार शाम मौदहापारा इलाके में ‘रक्सेल गैंग’ के गुर्गों ने बाइक सवार 2 युवकों पर चाकू से हमला किया। जिससे वे घायल हो गए। बताया जा रहा है किसी पुरानी बात को लेकर विवाद हुआ है।

यh मामला मौदहापारा थाना क्षेत्र का है। वारदात के बाद बड़ी संख्या में समाज के लोग मौदहापारा थाने में इकट्‌ठा हो गए और विवाद बढ़ गया। गैंग के लोग तलवार लेकर पहुंचे, दोनों पक्षों में पत्थरबाजी भी जमकर हुई है। एहतियातन तौर पर पुलिस अफसर और 3 थानों की फोर्स मौके पर तैनात की गई है। इस घटना के बाद मौदहापारा में तनाव का माहौल बन गया है। एक पक्ष के आक्रोशित लोग मरही माता मंदिर और रवि रक्सेल के घर के बाहर जमा हो गए है। आरोपियों के घर के बाहर पत्थर फेंके जाने की भी खबर है। बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात है।

आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग :

चाकूबाजी की सूचना मिलते ही मौदहापारा क्षेत्र के मुस्लिम समुदाय के लोग आक्रोशित हो गए। बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। बताया जा रहा है दोनों पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। घायल युवकों में मौदहापारा निवासी मोहम्मद अल्ताफ और राशिद अली शामिल है। घायलों ने बताया कि, रवि रक्सेल, अभय और हर्ष ने विवाद किया, फिर चाकू मार दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर सहायक पुलिस आयुक्त दीपक मिश्रा और तीन थानों की फोर्स तैनात है। पीड़ितों और उनके परिवार के सदस्यों को वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपियों पर सख्त कार्यवाही का आश्वासन दिया है। इस मामले को लेकर एडिशनल डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल ने बताया की घटना की सूचना मिलते ही मध्य क्षेत्र की पुलिस को अलर्ट किया गया है। मौदहापारा पुलिस शिकायत प्राप्त कर अग्रिम कार्यवाही में जुटी हुई है। आरोपियों की पतासाजी की जा रही है, उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जायेगा।