रायपुर : राजधानी रायपुर के टैगोर नगर स्थित जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय में भीषण आग लग गई, जिससे आसपास के रहवासियों में बड़ा हड़कम्प मच गया। यहाँ आग लगने के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। इस घटना की सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गई है, बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया जा सका। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
बताया जा रहा है कि आग कार्यालय के भंडार कक्ष में लगी थी, जहां महत्वपूर्ण फाइलें और दस्तावेज रखे गए थे। देखते ही देखते लपटें तेज होती चली गईं और आसपास के हिस्सों तक फैलने लगीं। इस आग की चपेट में आने से कई अहम दस्तावेज जलकर खाक हो गए हैं, जिससे बड़ा नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। इसके साथ ही इस घटना को लेकर संदेह जाहिर किया गया है, वहीं मौके पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां आग बुझाने में लगी हुई हैं। पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर मौजूद है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



