अमन खान की चाकू मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्त में, सामने आया ये मामला….।

बिलासपुर : बिलासपुर में देर शाम हिस्ट्रीशीटर की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई. जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार निगरानी बदमाश एक सप्ताह पहले ही जेल से बाहर आया था। वह युवक पर जानलेवा हमले के पुराने मामले में समझौता करने के लिए दबाव बना रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते युवक और उसके साथियों ने मिलकर हिस्ट्रीशीटर को चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर मार डाला। वारदात के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने थाने का घेराव कर दिया। जिससे देर रात तक तनाव की स्थिति बनी रही, मामले में लगातार बवाल मचा रहा।

जानकारी के मुताबिक, मृतक युवक का नाम शानू उर्फ अमन हुसैन (25 वर्ष) है। जो हटरी चौक स्थित लाइफ केयर अस्पताल के पास रहता था। वह विकास तिवारी पर पुराने मामले में समझौता करने के लिए दबाव बना रहा था। जिसके चलते वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि, इस मामले में अब मुख्य आरोपी सहित 2 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

दरअसल, शानू खान और विकास तिवारी के बीच पिछले करीब 5 सालों से विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार मारपीट हो चुकी थी। 2021 में शानू खान ने विकास तिवारी पर जानलेवा हमला किया था। इसके बाद 2022 में सतीश तिवारी नामक युवक की हत्या का मामला भी सामने आया था। वहीँ दोनों के बीच एक युवक का नाम केस से हटवाने को लेकर विवाद और गहरा गया था। शानू खान 2021 के हमले के मामले में समझौता करना चाहता था और इसी दबाव के चलते उसने विकास को बुलाया था। शुक्रवार करीब 7.30 बजे विकास तिवारी अपने दोस्तों के साथ पचरी घाट बैराज पहुंच गया था।

चाकू से किया ताबड़तोड़ हमला :

वहीँ समझौते को लेकर दोनों में विवाद हुआ और फिर देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया। इसी दौरान विकास और उसके साथियों ने चाकू निकालकर शानू पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शानू खून से लथपथ होकर चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद युवक मौके की ओर दौड़े। लेकिन तब तक हमलावर चांटीडीह की ओर फरार हो गए थे। इस घटना के बाद शानू को फौरन इलाज के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। चाकूबाजी और हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और रात के अंधेरे में ही मोबाईल और टॉर्च की रोशनी में घटनास्थल की जांच की गई।

परिजनों ने थाने का किया घेराव :

वहीँ इस दौरान खून के धब्बों के बीच गांजा पीने वाली चिलम और एक चश्मा बरामद किया गया है। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और फॉरेंसिक जांच की प्रक्रिया शुरू की। इधर, हत्या की खबर मिलते ही आक्रोशित परिजन और मोहल्ले के लोग बड़ी संख्या में सिटी कोतवाली थाना पहुंच गए, उन्होंने देर रात थाने में जमकर बवाल मचाया। लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए थाने का घेराव किया। स्थिति को संभालने के लिए शहर के अन्य थानों से भी पुलिस बल बुलाया गया था। देर रात तक परिजन और लोग थाने के सामने डटे रहे। पुलिस अधिकारियों ने समझाईश देकर किसी तरह स्थिति को शांत कराया गया।

2 आरोपी गिरफ्तार :

फिलहाल, इस मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश अब भी जारी है। नगर निगम ने पचरी घाट के पास ‘हैप्पी स्ट्रीट’ विकसित किया है, लेकिन बैराज और आसपास का इलाका नशेबाज युवकों का अड्डा बनता जा रहा है। बताया जा रहा है, यहाँ लगातार बदमाश अड्डा बनाये रहते है, जिससे किसी अनहोनी की आशंका बनी रहती है।