कोयले से लदा ट्रेलर, रेल फाटक तोड़कर ट्रैक के बीच घुसा, घंटों बाधित रहा रेल यातायात।

रायगढ़ : हादसे होना या ना होना किसी के हाथ में नहीं है, लेकिन हादसे काफी खतरनाक भोई होते है, कई बार हादसों में मौतें भी होती है तो कई बार लोगों को परेशान भी होना पड़ता है। वहीँ मामला है मुंबई-हावड़ा रेल मार्ग पर भूपदेवपुर रेलवे स्टेशन के पास बीती रात एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया यहाँ किसी प्रकार का जान और माल का नुकसान नही हुआ। नहरपाली रेल फाटक पर एक तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रेलर ने बंद फाटक के लीवर क्रॉसिंग को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि लीवर पूरी तरह टूट गया और ट्रेलर का अगला हिस्सा सीधा रेलवे ट्रैक के बीचों-बीच जा फंसा। ट्रेलर के ट्रैक पर फंसे होने के कारण मुंबई-हावड़ा और हावड़ा-मुंबई रूट का रेल यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। इस दुर्घटना का असर सुबह की ट्रेनों पर भी पड़ा, जिससे ट्रेनों के यात्री परेशान होते रहे।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे का है। इस हादसे के तुरंत बाद रेलवे का इमरजेंसी सायरन बजने लगा, जिससे रायगढ़ स्टेशन और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। गनीमत यह रही कि रेलवे के सिग्नल सिस्टम और सतर्क कर्मचारियों की वजह से समय रहते जानकारी मिल गई, जिससे पटरी पर आ रही ट्रेनों को रोका जा सका और एक भीषण ट्रेन दुर्घटना टल गई, नहीं तो किसी बड़े हादसे की घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।

यात्री परेशान : जनशताब्दी और गोंडवाना समेत कई ट्रेनें रोकी गई :

  • रायगढ़-गोंदिया जनशताब्दी एक्सप्रेस और गोंडवाना एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से काफी देरी से रवाना हुईं।
  • कई मालगाड़ियों और यात्री ट्रेनों को आउटर या पिछले स्टेशनों पर खड़ा करना पड़ा।

चालक फरार, बिलासपुर से जांच टीम रवाना :

इस खौफनाक हादसे के बाद ट्रेलर का ड्राइवर मौके से फरार हो गया है। वहीँ सुबह होते ही रेस्क्यू टीम ने क्रेन की मदद से कोयला लदे ट्रेलर को ट्रैक से हटाकर पटरी को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया। इस मामले में RPF ने जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। बिलासपुर से रेलवे के उच्च अधिकारियों की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। रेल विभाग ने इस पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। वहीँ यातायात सुधारने में काफी समय लग गया, जिससे यात्रियों को खासी परेशानी उठानी पड़ी।