25 किलो गांजा खरीदी के मामले में बंशी साहू गिरफ्तार, 4 अंतर्राज्यीय तस्कर भी गिरफ्त में, लाखों का गांजा जब्त।

महासमुंद : राज्य में सस्ते और सरल नशे की उपलब्धि गांजे की बनी हुई है, इसकी खपत काफी मात्रा में हो रही है, गली-गली गांजा आसानी से उपलब्ध है और इसकी बिक्री करने में स्थानीय लोग शामिल है। इसी को लेकर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार कार्यवाही करते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने थाना कोमाखान क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। यहाँ टीम ने 25 किलो से ज्यादा मात्रा में गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 12 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। इस मामले में ओड़िशा के 4 अंतर्राज्यीय तस्करों सहित रायपुर के मुख्य खरीददार को गिरफ्तार किया गया है। यह रायपुर का खरीददार बंशी साहू गांजे की अवैध बिक्री बड़ी मात्रा में करता है।

वहीँ इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा परिवहन में प्रयुक्त टाटा जेस्ट कार (CG 10 AS 9099), जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये के साथ 2 लाख 03 हजार 100 रुपये नगद और 5 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त कुल संपत्ति की अनुमानित कीमत 19 लाख 84 हजार 100 रुपये है।

2026 की शुरुआत में ही अब तक 2123 किलो से अधिक मादक पदार्थ जब्त :

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की यह कार्यवाही वर्ष 2026 की अब तक की 27वीं बड़ी कार्यवाही है। एएनटीएफ के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 2123.716 किलो अवैध मादक पदार्थ जब्त किए जा चुके हैं और 68 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से 55 आरोपी राज्य के बाहर के हैं। इस अवैध बिक्री में नशे के सौदागरों को स्थानीय लोगों का साथ मिला हा है, जो ओड़िशा से तस्करी कर लाये गये गांजे की बिक्री करते है।

ऐसे पकड़े गये आरोपी :

1 फरवरी 2026 को एएनटीएफ को अवैध गांजा परिवहन की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर विधिवत कार्यवाही करते हुए कोमाखान थाना क्षेत्र में आरोपियों के संयुक्त कब्जे से 25 किलो गांजा, परिवहन में प्रयुक्त कार, मोबाइल फोन और नगदी जब्त की गई है। इस प्रकरण में रायपुर शिवनगर, शीतला मंदिर के पास, आजाद चौक निवासी बंशी साहू को मुख्य खरीददार बताया गया है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, यह बड़ी मात्रा में गांजे की बिक्री करता है। आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट (NDPS Act) की धारा 20(बी)(ii)(सी) और 29 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया है। उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस मामले में एंड-टू-एंड और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन कर रहीहै। तस्करी से जुड़े स्रोत प्वाइंट, डेस्टिनेशन प्वाइंट, वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों की भी जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम :

प्रशांत नंदा, निवासी रंगाली, जिला बलांगीर (ओडिशा)
संजय नाग, निवासी गंडा पतरापाली, जिला बलांगीर (ओडिशा)
दीपक महानंद, निवासी जिला बलांगीर (ओडिशा)
शंकर हरपाल, निवासी गंडा पतरापाली, जिला बलांगीर (ओडिशा)
बंशी साहू, निवासी शिवनगर, शीतला मंदिर के पास, आजाद चौक, रायपुर

पुलिस की अपील :

वहीँ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने आम जनता से अपील की है कि नशे से जुड़े किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस या एएनटीएफ को गोपनीय रूप से दें। सूचनादाता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जायेगी। नशे का सामान लगातार राजधानी में बड़ी मात्रा में बिक रहा है, जो आसपास के क्षेत्रों से लाया जा रहा है।