रायपुर : बेखौफ चोरों ने एक ही रात में तीन दुकानों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। सिविल लाईन थाना क्षेत्र में शनिवार–रविवार की दरम्यानी रात चोरों ने ताले और छप्पर तोड़कर करीब 7 लाख रुपये नगदी पर हाथ साफ कर दिया। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। मामले के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शनिवार–रविवार की दरम्यानी रात चोरों ने तीन दुकानों के ताले तोड़कर गल्लों में रखी 7 लाख रुपए से अधिक की नकदी पर हाथ साफ किया है। पीड़ित कारोबारियों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक ही दिन में तीन दुकानों में चोरी ने पुलिस के लिये मुश्किल खड़ी कर दी है।
जानकारी के अनुसार आरोपी मुंह में कपड़ा बांधकर दुकानों में घुसे थे। फिलहाल, पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। वहीं, पीड़ित कारोबारियों के नाम शिव कुमार वर्मा और मोहम्मद अमजद बताए गए हैं। सिविल लाईन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लभांडी निवासी शिव कुमार वर्मा (70) ने बताया कि उनकी पंडरी स्थित “लब-डब” नाम से कपड़े की दुकान है। 31 जनवरी की रात करीब 10 बजे वे दुकान बंद कर घर चले गए थे।
1 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे जब उन्होंने दुकान खोली तो देखा कि गल्ले का दराज खुला हुआ था और उसमें रखी बिक्री की रकम करीब 2 लाख 75 हजार रुपए गायब थी। जांच करने पर पता चला कि चोर छप्पर की टिन शेड तोड़कर दुकान के भीतर घुसे थे, जिसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत की।
नोवा फर्नीचर और डिजाइनर सेनिटेशन और हार्डवेयर दुकान में चोरी :
इसी तरह वहां पास में ही स्थित “नोवा फर्नीचर” दुकान के छप्पर को तोड़कर चोरों ने गल्ले में रखे हुये लगभग 1 लाख 40 हजार रुपए चोरी कर लिए। वहीं तीसरी वारदात “डिजाइनर सेनिटेशन और हार्डवेयर” दुकान में हुई, जहां छप्पर तोड़कर घुसे चोर करीब 2 लाख 85 हजार रुपए नकद ले उड़े। तीनों दुकानों से कुल करीब 7 लाख रुपए की नकदी चोरी होने की बात सामने आई है। सभी पीड़ितों ने चोरी की शिकायत थाने में दर्ज करवाई है।
मुंह में कपड़ा बांधकर घुसे थे चोर :
घटना के बाद पीड़ित कारोबारियों की शिकायत पर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। कैमरों की रिकॉर्डिंग में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी मुंह में कपड़ा बांधकर दुकानों में घुसे थे और उन्होंने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। पुलिस ने दुकान संचालकों के साथ ही दुकानों में काम करने वाले कर्मचारियों के भी बयान दर्ज किए हैं। वहीँ इन घटनाओं को लेकर पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर ने बताया है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद कारोबारियों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा। फिलहाल, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।



