अगले 5 दिनों तक प्रदेश का मौसम रहेगा शुष्क, तापमान में होगी बढ़ोत्तरी, लेकिन….।

रायपुर : ठण्ड की समाप्ति के बाद अब मौसम में बदलाव होने लगा है, पतझड़ के साथ अब राजधानी सहित पूरे छत्तीसगढ़ में मौसम पूरी तरह से शुष्क बना हुआ है। अब फरवरी की शुरुआत में ही दिन के तापमान में बढ़ोत्तरी महसूस की जा रही है। वहीँ रविवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल किसी भी तरह की बारिश गतिविधि नहीं हो रही है और आने वाले एक-दो दिनों तक मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है। मौसम में गर्मी बढ़ेगी और सुबह थोड़ी बहुत राहत भी मिलेगी।

दिन में गर्मी का अहसास, सुबह-शाम ठंडी :

रायपुर में दिन के समय हल्की गर्मी महसूस की जा रही है, जबकि सुबह और देर शाम के समय हल्की ठंड बनी हुई है। सुबह 8:30 बजे आर्द्रता 61 प्रतिशत और शाम 5:30 बजे 47 प्रतिशत दर्ज की गई। दिनभर आसमान में लगभग 30 प्रतिशत बादल छाए रहे। हवा की औसत गति 1 किमी प्रति घंटा रही, जिससे मौसम अपेक्षाकृत शांत बना रहा। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया है। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिनों तक प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। फिलहाल मौसम का मिजाज स्थिर बना रहेगा।