बिलासपुर : ठगों के जाल में कोई ना कोई आये दिन फंस ही जाता है, ऐसे ही न्यायधानी के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक सराफा व्यापारी के साथ लाखों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यहाँ उदयपुर (राजस्थान) के एक शातिर ठग ने खुद को बड़ा जेवर व्यापारी बताकर तेलीपारा स्थित ज्वेलर्स की दुकान के संचालक को 224.670 ग्राम सोने का चूना लगा दिया है, जिससे व्यापारी परेशानी में आ गया है।
मामले में पुलिस ने बताया है कि, तेलीपारा स्थित लीला ज्वेलर्स के संचालक तुषार दोशी के पास मार्च 2024 में कमलेश सोनी नाम का व्यक्ति पहुंचा था, जहाँ उसने खुद को उदयपुर का बड़ा आभूषण व्यापारी बताते हुए व्यापारिक लेनदेन का भरोसा दिलाया, उसने बताया कि वह बड़ा कारोबारी है, वहीँ आरोपी ने झांसा दिया कि वह जेवर बाजार में बेचकर पैसे लौटा देगा और व्यापारी को अच्छा लाभ भी मिलेगा।
वहीँ व्यापारी तुषार दोशी ने उसकी बातों पर यकीन करके 36 लाख 86 हजार रुपये कीमत के सोने के हार और कंगन कोरियर के जरिए उदयपुर भेजे, जिसके बाद जेवर मिलते ही ठग ने व्यापारी के खाते में मात्र 6,500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किये और उसके बाद न तो बकाया पैसे दिए और न ही जेवर लौटाये, इस तरह उसने व्यापारी के साथ धोखाधड़ी की घटना को अंजाम दिया।
वहीँ घटना के बाद धोखाधड़ी का एहसास होने पर पीड़ित व्यापारी ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी कमलेश सोनी के खिलाफ धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत केस दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश के लिए टीम जुटी हुई है, आरोपी की खोजबीन करने के बाद उस पर आवश्यक कार्यवाही की जायेगी।



