भीख मांगने वाली 8 साल की मासूम के साथ नवीन ने की दरिंदगी, राजधानी में सामने आया शर्मनाक मामला।

रायपुर : राजधानी एक बार फिर से शर्मसार हो गई है, सामने आया है एक घिनौना काण्ड। शहरवासी पहले ही तेलीबांधा में एक 65 साल के बुजुर्ग द्वारा मासूम को चॉकलेट खिलाने के बहाने अनाचार के घिनौने कारनामे को भूल भी नहीं पाए थे कि बुधवार रात को फिर से एक 8 साल की बालिका से हैवानियत का मामला सामने आया है, जिसने लोगों को शर्मसार कर दिया है। मामले के अनुसार भीग मांगकर जीवन यापन करने वाली एक पीड़िता बच्ची को एक कार चालक खाना खिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था। इस दौरान उसने बालिका से दुष्कर्म किया। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, 8 साल की बालिका अपनी बड़ी बहन (11) के साथ करीब 9.30 बजे तेलीबांधा ट्रैफिक सिग्नल के पास कार वालों से भीख मांग रही थी। इसी दौरान वाहन आरोपी युवक नवीन सोनी अपनी कार से पहुंचा। उसने पैसे देने के बजाय दोनों बच्चियों को होटल में अच्छा खाना खिलाने का लालच दिया। जिससे दोनों उसकी बातों में आ गईं। इसके बाद नवीन दोनों को अपनी कार में बैठाकर मंदिरहसौद की ओर रवाना हो गया।

बड़ी बहन को रास्ते में ही उतारा

वहीँ जब कार चालक दोनों बहनों को मंदिरहसौद की ओर ले जा रहा था। तभी रास्ते में ललित महल के पास आरोपी ने बड़ी बहन को कार से उतार दिया। उसके बाद 8 साल की बालिका को लेकर चला गया। वह बालिका को लेकर सुनसान स्थान पर ले गया। इसके बाद उसने बालिका से दुष्कर्म किया। इधर उसकी बड़ी बहन किसी तरह वापस अपने घर पहुंची। परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजन पुलिस के पास पहुंचे और मामले को लेकर शिकायत की।

तेलीबांधा पुलिस ने कार की तलाश शुरू की। रात करीब 11.30 बजे पुलिस ने कार चालक को पकड़ लिया गया। पीड़ित बालिका ने पूछताछ में कार चालक द्वारा दुष्कर्म करने का खुलासा किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो, अपहरण व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया। जिसके बाद आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया गया है। कार ड्राइवर है।

घटना की सूचना मिलने के बाद सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। इससे कार चालक का पता चल गया था। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। – अविनाश सिंह, टीआई, तेलीबांधा