महाठग शिवा साहू और बैंक कर्मियों की सांठगाँठ आई सामने, बैंक के 6 कर्मचारी गिरफ्तार।

सारंगढ़ – बिलाईगढ़ : जिले के बहुचर्चित रायकोना ठगी कांड में सरसीवां पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए बैंकिंग सिस्टम के भीतर चल रहे कथित फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। इस मामले में एचडीएफसी बैंक के 6 कर्मचारियों की गिरफ्तारी से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। इस मामले में आरोप है कि बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत से होल्ड खाते से फर्जी लेटरपैड के जरिए लाखों रुपये की अवैध निकासी की गई है। मामले में पुलिस के अनुसार जानकारी सामने आई है कि, कुख्यात महाठग शिवा साहू के होल्ड खाते से करीब 10 लाख रुपये, जबकि उसकी कथित मंगेतर रितु साहू के खाते से लगभग 21 लाख रुपये की अवैध निकासी की गई थी।

यह राशि बैंक के नियमों और प्रक्रियाओं को दरकिनार कर फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से निकाली गई थी। रायकोना के इस ठगी कांड में सरसीवां पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए बैंक कर्मचारियों की कथित संलिप्तता का खुलासा किया है। होल्ड खाते से फर्जी लेटरपैड के माध्यम से अवैध रूप से राशि आहरण किए जाने के मामले में पुलिस ने एचडीएफसी बैंक के 6 कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है।

मामले की जांच के दौरान बैंक कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने कार्यवाही करते हुए सारंगढ़ शाखा के कर्मचारी अभिषेक जायसवाल, दिनेश अनंत और पूजा मानिकपुरी को गिरफ्तार किया है। वहीं बिलाईगढ़ शाखा के कर्मचारी टीकाराम साहू, हनुमंत राव टंडन और प्रमोद देवांगन को गिरफ्तार किया गया है। उनसे जुड़े दस्तावेजों और लेन-देन की गहन पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि होल्ड खाते से फर्जी दस्तावेज और लेटरपैड का उपयोग कर राशि निकाली गई, जिसमें बैंक स्तर पर मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इधर, मामले में दोनों शाखा प्रबंधकों की भूमिका को भी संदिग्ध मानते हुए पुलिस जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और कार्यवाही से इंकार नहीं किया जा सकता। उल्लेखनीय है कि मुख्य आरोपी शिवा साहू फिलहाल जमानत पर रिहा है, जबकि ठगी कांड से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है।