रायपुर : असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेताओं पर बड़ा कानूनी हमला करते हुए 500 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया है, मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता जितेंद्र सिंह, भूपेश बघेल और असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई के खिलाफ यह केस दायर किया है। सरमा ने आरोप लगाया है कि इन नेताओं ने उनकी जमीन से जुड़े मामले में झूठे और दुर्भावनापूर्ण आरोप लगाए हैं। इस मानहानि के केस में 500 करोड़ के हर्जाने की मांग की गई है। सीएम सरमा ने X पर पोस्ट करते हुए कहा कि एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के ज़रिए तीनों नेताओं ने जानबूझकर उनके खिलाफ झूठे और बदनाम करने वाले आरोप लगाए है।
गौरतलब है कि 4 फरवरी को असम कांग्रेस के प्रेसिडेंट गौरव गोगोई ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के परिवार ने राज्य में करीब 12,000 बीघा जमीन पर गैर-कानूनी तरीके से कब्जा कर लिया है, जो 3,960 एकड़ से ज्यादा एरिया में फैला हुआ है। मुख्यमंत्री सरमा को हाल ही में धार्मिक भेदभाव को लेकर दिए गए अपने बयानों के लिए सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जजों और सिविल सोसायटी के अलग-अलग तबकों की आलोचना का सामना करना पड़ा है।
वहीँ अब जमीन से जुड़े आरोप सामने आने के बाद यह मुद्दा काफी गरमा गया है। इन आरोपों के जवाब में मुख्यमंत्री सरमा ने साफ कहा है कि वे गौरव गोगोई समेत कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कानूनी मानहानि का केस चलाएंगे। इस बीच गोगोई ने पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री के इस कदम को घबराहट का संकेत बताया है। उन्होंने X पर लिखा कि अगर मुख्यमंत्री में हिम्मत है तो उन्हें कोर्ट में खुलकर लोगों का सामना करना चाहिए। कांग्रेस ने इन आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के पास अपने दावों के समर्थन में कोई दस्तावेजी सबूत नहीं है और उन्होंने मानसिक संतुलन खो दिया है।



