पटना (बिहार) : राजपाल यादव पिछले दो दशकों से बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय कॉमेडियन और अभिनेता हैं। ‘भूल भुलैया’, और ‘हंगामा’ जैसी 150 से ज्यादा फिल्मों में उन्होंने अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया है। वर्तमान में वे चेक बाउंस मामले में जेल की सलाखों के पीछे पहुंचे है, जिसके कारण मशहूर अभिनेता राजपाल यादव चर्चा के केंद्र में है। मूल रूप से शाहजहांपुर जिले के रहने वाले राजपाल यादव की इस मुश्किल घड़ी में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जन शक्ति जनता दल (JJD) के अध्यक्ष तेजप्रताप यादव मदद के लिए आगे आए हैं। तेजप्रताप ने राजपाल यादव के परिवार के लिए बड़ी आर्थिक मदद का ऐलान किया है।
तेजप्रताप यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से राजपाल यादव के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और आर्थिक सहायता की घोषणा की है, उन्होंने कहा, “मुझे अभी मेरे बड़े भाई राव इंदरजीत यादव जी की पोस्ट के माध्यम से माननीय राजपाल यादव जी के परिवार की पीड़ा के विषय में जानकारी प्राप्त हुई। इस अत्यंत कठिन समय में मैं और मेरा पूरा JJD (जन शक्ति जनता दल) परिवार, उनके शोकाकुल परिवार के साथ पूरी संवेदना और मजबूती से खड़ा है। मानवीय करुणा एवं सहयोग की भावना से, मैं JJD परिवार की ओर से ₹11,00,000 (ग्यारह लाख रुपये) की आर्थिक सहायता उनके परिवार को प्रदान कर रहा हूं।”
आखिर क्यों जेल गये राजपाल यादव?
राजपाल यादव ने 2010 के समय अपनी फिल्म अता पता लापता बनाने के लिए दिल्ली के एक बिजनेसमैन से 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल रही और राजपाल कर्ज नहीं चुका पाए। तबसे लगातार ब्याज बढ़ते-बढ़ते यह रकम करीब 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, जिसके बाद उन्होंने जेल के लिये आत्मसमर्पण कर दिया।
‘यहां हम सब अकेले हैं, कोई दोस्त नहीं है’ :
आत्मसमर्पण करने से ठीक पहले 54 वर्षीय अभिनेता काफी भावुक हो गए। मीडिया से बातचीत में उन्होंने अपना दर्द बयां करते हुए कहा “सर क्या करूं? मेरे पास पैसे नहीं हैं और कोई दूसरा रास्ता भी नहीं दिख रहा.” जब उनसे पूछा गया कि क्या फिल्म इंडस्ट्री से किसी दोस्त ने मदद की? तो उन्होंने रूआंसे होकर कहा, “सर, यहां हम सब अकेले हैं। कोई दोस्त नहीं है, मुझे इस संकट से खुद ही लड़ना होगा।” राजपाल यादव ने दिल्ली हाई कोर्ट से फंड जुटाने के लिए एक हफ्ते का और समय मांगा था, लेकिन अदालत ने उनकी याचिका खारिज कर दी।
सोनू सूद सहित मदद के लिये कई अन्य भी आये सामने :
बॉलीवुड एक्टर और समाजसेवी सोनू सूद ने एक बार फिर अपनी इंसानियत और खुले दिल से सभी का दिल जीत लिया है। उन्होंने कॉमेडियन और एक्टर राजपाल यादव को अपनी आने वाली फिल्म में काम करने का मौका दिया है। सोनू ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि राजपाल यादव एक टैलेंटेड एक्टर हैं, जिन्होंने इंडस्ट्री को कई यादगार किरदार दिए हैं. लेकिन जिंदगी कभी-कभी नाइंसाफी कर जाती है, ना कि टैलेंट की कमी से, बल्कि समय की मार से।
सोनू सूद ने लिखा है कि, ‘राजपाल यादव हमारी इंडस्ट्री के एक गिफ्टेड एक्टर हैं जिन्होंने सालों तक शानदार काम किया है। कभी-कभी जिंदगी अन्याय करती है, टैलेंट की वजह से नहीं बल्कि टाइमिंग की वजह से, वह मेरी फिल्म का हिस्सा होंगे और मुझे लगता है कि यह वह पल है जब हम सभी प्रोड्यूसर, डायरेक्टर, कोस्टार एक साथ खड़े हों और एक छोटी सी साइनिंग अमाउंट, जो आगे के काम के बदले एडजस्ट होगी। यह चैरिटी नहीं बल्कि सम्मान है, जब हमारा कोई साथी मुश्किल दौर से गुजर रहा हो, तो इंडस्ट्री को उसे याद दिलाना चाहिए कि वह अकेला नहीं है। इसी तरह हम दिखाते हैं कि हम सिर्फ एक इंडस्ट्री नहीं, बल्कि एक परिवार हैं।’ इस तरह उन्होंने राजपाल यादव को मदद करने की बात कही जिससे उन्हें मदद में दी गई रकम आगे चलकर काम के बदले समायोजित कर दी जाये।



