जांजगीर-चांपा : हादसे कई बार खौफनाक रूप ले लेते है, ऐसे ही शिबरीनारायण मेला में बड़ा हादसा हो गया। यहाँ मेले में लगे हुये आकाश झूले के अचानक टूट जाने से झूले पर सवार 6 लोग नीचे गिर पड़े, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गये। इस खौफनाक हादसे में 2 युवतियां और 1 महिला जमीन पर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि 3 अन्य लोगों को भी गम्भीर चोटें आई है। गंभीर रूप से घायल दोनों युवतियों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
इस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों और प्रशासन की मदद से एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवतियां मलदा गांव की रहने वाली हैं, जो मेला घूमने शिबरीनारायण आई हुई थी। घायलों की पहचान चंद्रकांता कश्यप और भूमिका कश्यप के रूप में हुई है। इस हादसे के बाद मेले की सुरक्षा और झूलों की फिटनेस को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रही है।



