दुर्ग/भिलाई : भिलाई के सेक्टर 8 में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां घर के बाथरूम में 50 वर्षीय महिला की जली हुई लाश मिली है, लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी का माहौल बन गया। फिलहाल यह स्पष्ट नही हुआ है कि महिला स्वयं को आग के हवाले कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है या फिर महिला की हत्या की गई है। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है।यह घटना कल 10 फरवरी की बताई गई है।
मामले के अनुसार बाथरूम से आग की लपटे उड़ता देख पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी गई थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आग को बुझाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फिलहाल प्रथम दृष्टया पुलिस ने आग के जलने से ही महिला की मौत मान रही है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह पूरा मामला साफ हो पायेगा। वहीं पुलिस को मौके से आत्महत्या करने का पत्र भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, भिलाई के सेक्टर 8 निवासी रंजना देवांगन बच्चों को ट्यूशन पढ़ने का काम करती थी। वहीं रंजन के दो बेटे हैं, जो शिक्षित हैं और अपनी – अपनी नौकरी कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार यदि महिला ने आत्महत्या की है तो फिलहाल इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन मौके पर माचिस की तीली और ज्वलनशील पदार्थ बरामद किया गया है, जिसको लेकर जांच की जा रही है।
वहीँ सामने आया है कि पड़ोसियों के अनुसार शाम 4.20 बजे जब घर से धुंआ उठते देखा और मांस जलने की बदबू आई तो उन्होंने महिला के बेटे राहुल और पुलिस को फोन कर बुलाया। पड़ोसियों ने बताया कि रंजना और उनका परिवार शिक्षित परिवार है। कभी घर में कोई तनाव जैसी स्थिति नहीं सुना है, लेकिन यह एक दुखद घटना है। महिला के आत्महत्या करने में संदेह है, जिसको लेकर पुलिस जांच की बात कह रही है।



