महिला के गहने लूटकर भागे 4 बदमाश, ग्रामीणों ने 2 आरोपियों को पकड़ा और जमकर पीटा।

कवर्धा : छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से लूट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जो काफी चौंकाने वाला है। मामले के अनुसार पिपरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनपुर और सेमो गांव के बीच दिनदहाड़े रास्ता रोककर चार बदमाशों ने कट्टा की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दिया है। हालांकि, भागने के प्रयास में चारों आरोपी में से दो सफल नहीं हो सके और ग्रामीणों ने दोनों को पकड़कर उनकी जमकर धुनाई कर दी, जिससे आरोपी घायल हो गये।

जानकारी के अनुसार, दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने बाइक सवार पति-पत्नी को रास्ते में रोक लिया था और हथियार दिखाकर महिला से सोने की चेन और कान की बालियां लूट लीं। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए दो बदमाशों को पकड़ा और उनकी जमकर पिटाई की। जिसके बाद आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं लूटेरों के दो अन्य साथी वारदात के बाद मौके से फरार हो गए हैं। इस मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नाकेबंदी कर फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।