श्री गणेश पंडाल में खूनी वारदात : गाली देने पर नशेड़ी युवक ने साथी के सीने पर घोंपा चाकू, मौत; आरोपी गिरफ्त में।

बिलासपुर : सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सम्बलपुरी में गणेश प्रतिमा स्थापना के दौरान एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पंडाल में प्रतिमा रखने के दौरान हुए मामूली विवाद और गाली-गलौज के बाद एक नशेड़ी युवक ने दूसरे युवक के सीने पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल सिम्स (CIMS) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए फरार आरोपी को कुछ ही घंटों में धर दबोचा।

प्रतिमा स्थापना के दौरान भड़का विवाद :

सकरी पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सम्बलपुरी निवासी आकाश सूर्यवंशी (22 वर्ष, पिता अंशु सूर्यवंशी) गांव के अन्य युवकों के साथ डीजे की धुन पर भगवान गणेश की प्रतिमा लेकर गांव पहुंचा था। पंडाल में प्रतिमा विराजित करने के दौरान आकाश का गांव के ही अमन सूर्यवंशी (22 वर्ष, पिता प्रहलाद सूर्यवंशी) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोपी अमन आदतन नशेड़ी है और घटना के वक्त भी वह भारी नशे में था। इसी बीच आकाश द्वारा गाली दिए जाने पर अमन ने आक्रोश में आकर अपनी जेब से चाकू निकाला और सीधे आकाश के सीने पर कई वार कर दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा :

हत्या की सूचना मिलते ही सकरी थाना प्रभारी (टीआई) उमेश साहू, एएसआई सुरेन्द्र तिवारी, मनोज बघेल और सज्जू अली समेत पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी के घर पर दबिश दी गई, लेकिन वह वहां नहीं मिला। घेराबंदी और सघन पतासाजी के दौरान पुलिस ने आरोपी अमन सूर्यवंशी को सकरी क्षेत्र में घूमते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

नशे की लत से परिजन और ग्रामीण थे त्रस्त :

जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी अमन सूर्यवंशी गंभीर रूप से नशे (ड्रग एडिक्शन) का आदी है। वह आए दिन नशे की हालत में परिजनों के साथ मारपीट और विवाद करता रहता था। उसके हिंसक व्यवहार और नशे की लत से उसके परिजन बुरी तरह परेशान थे। इसके अलावा वह गांव के अन्य लोगों के साथ भी नशे की हालत में अक्सर झगड़ा किया करता था।

टीआई का बयान

“गणेश प्रतिमा स्थापना के दौरान पंडाल में गाली देने के विवाद पर एक नशेड़ी युवक ने चाकू मारकर आकाश सूर्यवंशी की हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी अमन सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।” — उमेश साहू, थाना प्रभारी, सकरी