अम्बिकापुर (सरगुजा) : सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रजौटी के सान्याघुटरी जंगल में गौ-हत्या का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मौके से करीब 4 किलोग्राम गौमांस और दो टांगियां (कुल्हाड़ी) बरामद की गई हैं, जबकि वारदात में शामिल तीन अन्य आरोपी फरार हैं।
मुखबिर की सूचना पर जंगल में घेराबंदी :
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सान्याघुटरी के जंगलों में कुछ व्यक्तियों द्वारा गोवंश का वध किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की और मौके से दो आरोपियों—अजय कुमार कुजूर एवं रंजीत कुजूर—को रंगे हाथ दबोच लिया। अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर तीन अन्य संलिप्त व्यक्ति मौके से भागने में सफल रहे।
घटनास्थल से अवशेष और हथियार जब्त
कार्यवाही के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 4 किलोग्राम गौमांस, गोवंश के कटे हुए अवशेष, वध में प्रयुक्त 2 टांगियां बरामद कर विधिवत जब्त कीं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी गौमांस को आपस में बांटने तथा बचे हुए हिस्से को बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने सभी साक्ष्यों को पंचनामे में शामिल कर लिया है।
आरोपी भेजे गए जेल, संभावित ठिकानों पर दबिश जारी :
गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता निवारण व संबंधित विधिक धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। सीतापुर थाना पुलिस फरार तीनों आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।



