खौफनाक हादसा : तीसरी मंजिल से गिरी 12वीं की छात्रा, इलाज के दौरान हुई मौत, सामने आया ये कारण….।

रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में तीसरे माले से अचानक 12वीं कक्षा की छात्रा गिर गई, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह घटना बुधवार सुबह करीब 6 बजे की है। यह पूरा मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का बताया गया है। घटना के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक, छात्रा अनन्या सर्वे के पिता राजेश सर्वे मेडिकल कॉलेज के स्थापना शाखा में कर्मचारी हैं। वह अपने परिवार के साथ आवासीय परिसर के टाइप-6 भवन की तीसरी मंजिल में रहती थी। रोजाना सुबह वह टहला करती थी, ऐसे ही सुबह वह छत पर टहल रही थी, इस बीच वह अचानक नीचे गिर गई, जिससे सिर पर गंभीर चोट आई।

इसके बाद परिवार जनों में हड़कम्प मच गया, उसके बाद परिवार वाले बच्ची को लेकर तत्काल अस्पताल पहुंचे। जहाँ इलाज के दौरान छात्रा ने दम तोड़ दिया। मृतिका छात्रा का आज बोर्ड परीक्षा का पहला पेपर था। इस घटना के बाद पूरे परिसर में मातम छा गया और पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। अंतिम संस्कार के लिए परिजन शव को गृह ग्राम बिलासपुर के गनियारी ले गये, जहाँ उसके अंतिम संस्कार किये जाने की जानकारी सामने आई है।

इसके साथ ही यह भी बताया जा रहा है कि इसी बिल्डिंग में 7 साल पहले भी एक बुजुर्ग महिला गिरी थी। उस घटना में भी उसकी मौत हो गई थी। बहरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।