रायपुर : चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं, सिर्फ सूने मकान ही नहीं मंदिरों में भी चोरियां करने से नहीं चूक रहे है। ताजा मामला गोंदवारा स्थित बिंदेश्वर महादेव मंदिर का है, जहां देर रात अज्ञात चोर ने मंदिर परिसर में घुसकर दानपेटी पार कर दी। यह पूरी वारदात मंदिर में लगे हुये सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना गुढ़ियारी थाना क्षेत्र की है। देर रात एक युवक मंदिर के मुख्य गेट तक पहुंचा। उसने पहले आसपास की गतिविधियों का जायजा लिया और फिर सरिया (लोहे की रॉड) से गेट का ताला तोड़ दिया। ताला टूटते ही वह अंदर दाखिल हुआ और सीधे उस स्थान पर पहुंचा जहां दानपेटी रखी हुई थी, जहाँ उसने दानपेटी को निशाना बनाया।
कुछ ही मिनटों में दान पेटी लेकर फरार :
सामने आये सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि चोर ने कुछ ही मिनटों में दानपेटी उठाई और मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो गेट का टूटा ताला और गायब दानपेटी देख दंग रह गये। मामला सामने आने के बाद तत्काल इस घटना की पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही खमतराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान करने की प्रक्रिया तेज कर दी है, आरोपी की खोजबीन की जा रही है।
धार्मिक स्थलों में लगातार हो रही चोरी :
धार्मिक स्थलों पर लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का दावा है, कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा। चोर मंदिरों को लगातार निशाना बना रहे है, मंदिर में चोरी करना आसान काम है और रात को ये सूने रहते है, ऐसे में चोर लगातार मंदिरों को निशाना बना रहे है, जो कि अपराध के साथ ही धार्मिक भावनायें भी आहत करने वाला मामला है।



