सराफा कारोबारी से 50 लाख की हुई लूट, बिलासपुर में 3 दिन में दूसरी घटना, दुकान बंद करने के दौरान हुई घटना।

बिलासपुर : न्यायधानी में सराफा कारोबारियों से तीन दिन में दूसरी बड़ी लूट की घटना हुई है। शहर के रमेश ज्वेलर्स में करीब 50 लाख रुपए के सोने और चांदी के ज्लेवरी लूट लिए गए है। घटना शुक्रवार की देर शाम की है जब दुकान बंद करते समय बाइक सवार तीन युवक बैग लेकर भाग गए। इस बैग में 60 ग्राम सोना, 8 किलो चांदी और कैश के साथ ही करीब 50 लाख से अधिक का माल होने का दावा किया गया है। यह घटना सीपत थाना क्षेत्र की है। यहाँ 3 दिन पहले ही बदमाश सरकंडा के राजकिशोर नगर में सराफा व्यापारी से 3.35 करोड़ का सोना और नगद राशि लूटकर भाग गये थे। जिनका यूपी में शॉर्ट एनकाउंटर हुआ था।

ताला लगाते समय बैग लेकर भाग गए बाइकर्स :

जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा निवासी विनय सोनी खम्हरिया बस स्टैंड के पास रमेश ज्वेलर्स के नाम से दुकान चलाते हैं। रोज की तरह दिनेश शुक्रवार की देर शाम 7 बजे दुकान बंद कर अपने घर जाने की तैयारी कर रहे थे।

कैश और सोने-चांदी के जेवरों को तीन अलग-अलग बैग में रखकर बाहर निकले। जिसके बाद दुकान का शटर गिराकर बैग को अपने बाजू में नीचे रख दिया। इस दौरान व्यापारी शटर में ताला लगाने के लिए नीचे झुका। तभी सीपत की तरफ से तीन नकाबपोश युवक बाइक पर सवार होकर पहुंचे। एक युवक तेजी से दुकान की ओर दौड़ा और बैग उठाकर भागने लगा। उसके दो साथी बाइक चालू करके तैयार रखे हुये थे। युवक के बाइक पर बैठते ही तीनों फरार हो गए। घटना कुछ ही सेकंड में पूरी हो गई, जिससे वहां मौजूद लोग और व्यापारी सकते में आ गये। इस घटना से व्यापारी हैरान और परेशान हो गये, घटना इतनी तेज गति से घटी की उन्हें कुछ समझ ही नहीं आया।

CCTV फुटेज खंगाल लुटेरों की पहचान में जुटी पुलिस :

जिसके बाद व्यापारी ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। फिर घटना की सूचना पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही सीपत टीआई राजेश मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। एडिशनल एसपी सिटी पंकज पटेल, एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह समेत एसीसीयू की टीम वहां पहुंच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। बदमाशों की तलाश के लिए क्षेत्र में नाकाबंदी की गई। इसके साथ ही सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ कर लुटेरों की हुलिए सहित अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।

50 लाख रुपए से ज्यादा के जेवर और नगद :

पीड़ित कारोबारी और सराफा एसोसिएशन की तरफ से बैग में 50 लाख रुपए से अधिक के जेवर और कैश थे। वहीं, सीपत थाना प्रभारी ने बताया कि बैग में 50 ग्राम सोना, 6 किलो चांदी और थोड़ा बहुत कैश होने की बात कारोबारी ने बताई है। घटना स्थल से निकलने वाले कच्चे रास्तों में कैमरे कम होने के कारण जांच में जुटी टीम को देर रात तक उठाईगीरों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस अलग-अलग रूट पर ग्रामीणों की मदद से आरोपियों का पीछा कर रही है। शहरी क्षेत्र में मिले सीसीटीवी कैमरों के कुछ फुटेज मिले हैं। लेकिन, उनमें आरोपी और बाइक का नंबर स्पष्ट नहीं है, जिसको लेकर पूरा प्रयास किया जा रहा है।

एएसपी बोली – आरोपियों की तलाश जारी :

एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने कहा कि, घटना के तत्काल बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई थी। घटना स्थल से निकलने वाले सभी संभावित रूट पर टीम रवाना हो गई है। आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे।

इसके पहले बिलासपुर में सराफा कारोबारी से लूट के सभी आरोपी पकड़े गए हैं। वारदात के बाद 4 बदमाश यूपी भाग गए थे। जहां पुलिस ने उनका शॉर्ट एनकाउंटर किया गया। पैर में गोली लगते ही चारों बदमाश पकड़े गए है। उनके कब्जे से साढ़े 5 करोड़ का सोना, डेढ़ लाख कैश और पिस्टल बरामद हुआ है। वहीं पांचवा आरोपी बिलासपुर से पकड़ाया है। 3 दिन पहले सराफा कारोबारी से हुई लूट के मामले में पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर मास्टरमाइंड समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरोह का सरगना विजय लांबा है, जिस पर हत्या, लूट और डकैती के 70 से अधिक मामले दर्ज हैं।