रायपुर : पुलिस की नाकाबंदी के दौरान एक युवक के पास से 75 लाख रुपये नकद बरामद किये गये हैं। यह मामला हवाला सिंडिकेट से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। इस मामले में आयकर विभाग की टीम पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है। पकड़े गये आरोपी युवक का नाम पुलिस द्वारा आजाद चौक निवासी मिलन शर्मा बताया जा रहा है। रुपयों को लेकर आरोपी से आयकर विभाग की टीम पूछताछ कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एण्टी क्राइम एण्ड साईबर यूनिट और थाना आजाद चौक पुलिस की टीम ने 27 फरवरी 2026 को समता कॉलोनी क्षेत्र में नाकाबंदी करके संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की जांच शुरू की थी। इसी दौरान एक्टिवा क्रमांक CG 04 NJ 8956 को रोका गया था। वाहन में रखे एक बड़े थैले की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में नकदी मिली है।मामले की पूछताछ में युवक ने अपना नाम मिलन शर्मा (25) पिता राधेश्याम शर्मा, निवासी समता कॉलोनी, थाना आजाद चौक, रायपुर बताया है। वह समता कॉलोनी में रहकर पैसा ट्रांसफर का काम करता है।
पुलिस ने जब बरामद रकम के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और टीम को गुमराह करता रहा। जिसके बाद पुलिस ने कार्यवाही करते हुये आरोपी के कब्जे से 75 लाख रुपए नकद, 4 मोबाईल फोन और एक्टिवा वाहन जब्त कर लिया।
पैसा ट्रांसफर करने से पहले हिरासत में :
इस मामले में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा ने बताया, कि आरोपी मूलता राजस्थान का है। बीते पांच साल से रायपुर में रह रहा है। कलेक्शन एजेंट का काम करता है। वह शुक्रवार की रात भी रायपुर के अलग–अलग ठिकाने से पैसा इकट्ठा करके पहुंचा था और नाकाबंदी में पकड़ा गया। आरोपी के मोबाईल को खंगालकर हवाला नेटवर्क के खिलाफ जांच की जा रही है। आयकर विभाग को सूचना देकर आरोपी को हेंडओवर किये जाने की जानकारी मिली है।



