लालपुर में सरकारी जमीन पर बना हुआ व्यावसायिक परिसर ढहाया गया, सामने आई ये जानकारी….।

रायपुर : राजधानी रायपुर में अवैध कब्जों को लगातार हटाया जा रहा है, ऐसे में नगर निगम ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की है। मामले में प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर लालपुर क्षेत्र में शासकीय भूमि से अवैध निर्माण हटाया गया है। जानकारी के मुताबिक, लालपुर में शासकीय जमीन पर लगभग 9 से 10 निजी दुकानों के साथ एक बहुमंजिला बिल्डिंग संचालित की जा रही थी, जिसमें पीजी भी चल रहा था। लोगों की शिकायतों के बाद नगर निगम ने जांच कर निर्माण को अवैध पाया और कार्यवाही शुरू की।

वहीँ अतिक्रमण हटाने के दौरान किसी भी तरह के विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। मौके पर नगर निगम के उड़नदस्ता दल के साथ सभी 10 जोन की गाड़ियां मौजूद रही। जिसके बाद निगम की टीम द्वारा पूरे भवन को खाली कराया गया। दुकानों और पीजी में रहने वाले लोगों को पहले ही नोटिस देकर हटने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद बुलडोजर से अवैध हिस्सों को तोड़ा गया है।

अवैध कब्जा के खिलाफ जारी रहेगी कार्यवाही :

कार्यवाही को लेकर नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शासकीय भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। शहर में जहां भी सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण मिलेगा, वहां इसी तरह की सख्त कार्यवाही की जायेगी। स्थानीय लोगों में कार्यवाही को लेकर मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कुछ लोगों ने इसे सही कदम बताया, वहीं प्रभावित लोगों ने प्रशासन से वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है, वहीँ कई लोग जबरिया कब्ज़ा कर जगह-जगह बैठे हुये है।

सरकारी जमीन पर किया गया था निर्माण : नायाब तहसीलदार

इस मामले में नायाब तहसीलदार ज्योति सिंह ने कहा कि 10 से ज्यादा प्राइवेट दुकानों पर कार्यवाही की है। यह प्रकरण लंबित था। वहीँ आज मौके पर पहुंचकर यहां कार्यवाही की गई है। यह व्यवसायिक परिसर था, शासकीय भूमि में ये निर्माण किया गया था। सामने में करीब 10 से ज्यादा दुकानें बनी हुई थी थी और पीछे की तरफ 71 के करीब अन्दर कमरे बने हुये थे। ये सभी शासकीय जमीन पर निर्माण किया गया था। इसके साथ ही सभी को तोड़ने की कार्यवाही की जा रही है।