बलात्कार की कोशिश में नाकाम हुआ तो गला घोंटकर मार डाला, पुलिस ने किया गिरफ्तार।

दुर्ग/भिलाई : बीते दिनों अज्ञात महिला के अंधे कत्ल के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में जो खुलासा हुआ है, उसके अनुसार महिला की दुष्कर्म के कोशिश का विरोध करने पर हत्या कर दी गई थी। वहीँ इस मामले में पुलिस ने 1000 से अधिक व्यक्तियों से पूछताछ और 100 घंटे से अधिक सीसीटीवी विश्लेषण और व्यापक तकनीकी जांच के बाद मामले का खुलासा किया है और आरोपी तक पहुंच सकी है।

कुम्हारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कैवल्य धाम के पीछे परसदा खार स्थित खेत में एक अज्ञात महिला के शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी, इस मामले की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया और आवश्यक सबूत जुटाए। शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई है, जिस पर हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी।

अज्ञात महिला की पहचान एवं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसपी विजय अग्रवाल ने पांच विशेष टीमों का गठन किया और सभी टीमों द्वारा क्षेत्र के विभिन्न गली–मोहल्लों आसपास के गांव एवं संभावित स्थानों पर व्यापक स्तर पर फोटो दिखाकर पहचान का प्रयास किया गया, 1000 से अधिक व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र के 100 घंटे से अधिक सीसीटीवी फुटेज का परीक्षण किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद वीडियो के आधार पर लाखों कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच की गई।

पुलिस की सतत् जांच, तकनीकी विश्लेषण, गुमशुदगी के अंतरजिला स्तर पर मिलान कराया गया। सभी संकलित साक्ष्यों के आधार पर आरोपी महाराजा देवार उर्फ राजा देवार, उम्र 22 वर्ष, निवासी राम नगर बजरंग चौक वार्ड क्रमांक 07, कुम्हारी जिला दुर्ग को 28 फरवरी को गिरफ्तार किया गया है। मामले की पूछताछ में उसने बताया है कि महिला को खेत में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास और विरोध करने पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। जिसके बाद आरोपी की स्वीकारोक्ति के बाद उसे न्यायालय में न्यायिक रिमांड के लिए प्रस्तुत किया गया है। आरोपी से एक चप्पल, घटना के दिन पहना हुआ शर्ट दो बटन टूटा हुआ और घटनास्थल से प्राप्त शर्ट का बटन भी बरामद किया गया है। पुलिस की कड़ी मशक्कत और मेहनत में बाद इस घटना का खुलासा हुआ।