छत्तीसगढ़ के इस गांव में होली खेलने पर है रोक, जानें क्या है कारण?

कोरबा : कई बार ऐसी मान्यतायें और घटनायें घटित हो जाती है, जिसमें लोग सहमे और डरे हुये रहते है, लेकिन समय से इनमें बदलाव करना चाहिये, जहाँ आम लोगों के मन में होली का नाम सुनते ही रंग-गुलाल, पिचकारी और फाग गीतों की तस्वीर उभर आती है, और ख़ुशी से झूम उठते है तो वहीँ छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के धमनागुड़ी और खरहरी गांवों में होली का नजारा बिल्कुल अलग ही होता है। यहां न तो होलिका दहन होता है और न ही रंग-गुलाल खेला जाता है। इस मामले में ग्रामीण बताते हैं कि यह परंपरा पूर्वजों की मान्यता और आस्था से जुड़ी हुई है। गांव में लोग शांतिपूर्वक पूजा-पाठ कर त्यौहार मनाते हैं, लेकिन अग्नि प्रज्वलन और रंग खेलने की परंपरा नहीं निभाई जाती है। यही वजह है कि यह अनोखी व्यवस्था पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रहती है।

अनहोनी के डर से नहीं खेलते होली :

स्थानीय वासियों के अनुसार धमनागुड़ी और खरहरी के ग्रामीणों का मानना है कि गांव में होली खेलने से अनहोनी की आशंका बढ़ जाती है। इसी कारण वर्षों से यह परंपरा कायम है। ग्रामीण कहते हैं कि त्यौहार का आनंद सिर्फ रंगों और उत्सव में ही नहीं, बल्कि शांति और श्रद्धा में भी मिलता है। इस मामले में धमनागुड़ी के निवासी गनपत सिंह कंवर के अनुसार, उन्हें लगभग 75 साल हो चुके हैं और उनके बचपन से ही गांव में होली नहीं मनाई जाती है। उनके मुताबिक करीब 100 वर्षों से गांव में न तो होलिका दहन होता है और न ही रंग-गुलाल खेला जाता है, लेकिन पर्व का महत्व पूरी श्रद्धा के साथ निभाया जाता है। इस तरह इस गाँव में होली का माहौल रहता है।

होली मनाने की कोशिश, घर में लगी आग :

वहीँ इसको लेकर खरहरी निवासी तामेश्वर सिंह पैकरा बताते हैं कि लगभग 9 साल पहले एक परिवार ने गांव में होली मनाने का प्रयास किया था। रंग-गुलाल खेलने के कुछ समय बाद उनके घर में अचानक आग लग गई थी। इस घटना के बाद से गांव में होली खेलने की परंपरा पूरी तरह बंद हो गई है, अब हम होली नहीं मनाते है।

बाहर खेलकर आने वालों से पूछताछ :

ग्रामीणों के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति बाहर जाकर होली खेलकर लौटता है तो गांव में प्रवेश से पहले उससे रंग-गुलाल खेलने के बारे में पूछा जाता है। इसे गांव की सुरक्षा और चेतावनी की परंपरा से जोड़ा जाता है। धमनागुड़ी और खरहरी की यह परंपरा दर्शाती है कि त्यौहार केवल रंगों और उल्लास तक सीमित नहीं होते है, बल्कि आस्था, परंपरा और सामुदायिक विश्वास भी उनकी पहचान बनते हैं। यही कारण है कि यह अनूठी परंपरा आज भी कायम है और लोगों के लिए आस्था का विषय बनी हुई है। हालाँकि इसमें अब क्या करना चाहिये? ये सवाल उठता है, लेकिन अब इसे विश्वास कहें या संयोग, लेकिन गाँव वाले अब होली नहीं मनाते।