रायपुर : बदलते मौसम का हमारे शरीर पर गहरा प्रभाव पड़ता है, वहीँ अब जब ठंड का मौसम जा चुका है, तो अब छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में बीते दिनों का मौसम शुष्क बना रहा। इस दौरान प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया है, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई। वहीँ अब गर्मी अपने तेवर दिखायेगी।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया है बिहार से झारखंड होते हुए दक्षिण छत्तीसगढ़ तक समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर ऊपर एक द्रोणिका बनी हुई है। हालांकि इसके प्रभाव से प्रदेश में फिलहाल किसी बड़े मौसम बदलाव के संकेत नहीं हैं, फिर भी गर्मी में लगातार धीमी बढ़ोत्तरी जरुर होगी।



