गाजियाबाद (उ.प्र.) : लोनी में जानलेवा हमले का शिकार हुये सलीम वास्तिक की हालत में अब तेजी से सुधार हो रहा है। उनके गले की गंभीर चोट के बावजूद उनके अंग अब ठीक से काम कर रहे हैं और वे जल्द बातचीत कर पायेंगे। बीते दिनों जिहादी मानसिकता वाले लोगों ने उन पर खौफनाक हमला किया था, जिनमें एक आरोपी के मारे जाने की खबर सामने आई थी।
27 फरवरी को सलीम वास्तिक पर हुए चाकू से हमले ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। यह मामला देशभर में लगातार चर्चित है। सलीम वास्तिक के गले पर गंभीर चोट होने के कारण उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई थी। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से डॉक्टरों की कड़ी निगरानी और इलाज का असर दिखने लगा है। अब आईसीयू में भर्ती सलीम के महत्वपूर्ण अंग अब सामान्य रूप से काम कर रहे हैं जो उनके जल्द ठीक होने का संकेत है। सोशल मीडिया पर लाखों लोग उनके ठीक होने के लिये प्रार्थनायें कर रहे है।
ठीक हो रहे है सलीम वास्तिक :
डॉक्टरों के अनुसार, सलीम के गले का जख्म काफी गहरा था, जिससे उनकी आवाज भी जा सकती थी, लेकिन अब उसमें तेजी से सुधार हो रहा है। उनके किडनी, लिवर और अन्य आंतरिक अंग ठीक से काम कर रहे हैं। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि सलीम की स्थिति अब स्थिर है और उम्मीद है कि वे बहुत जल्द सामान्य बातचीत करने के योग्य हो जायेंगे।
दो हमलावरों का एनकाउंटर :
इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए हमलावरों को चिन्हित किया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो मुख्य बदमाशों को अलग-अलग एनकाउंटर में दबोचा गया है। फिलहाल पुलिस इस हमले के पीछे की गहरी साजिश और अन्य संभावित कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है। इस घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए अस्पताल और सलीम के परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही पुलिस की टीमें न केवल अस्पताल के बाहर तैनात हैं बल्कि उनके परिजनों की सुरक्षा पर भी पैनी नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।
हिंदू संगठनों ने की सलामती की दुआ :
दिलचस्प बात यह है कि सलीम वास्तिक की बेहतर सेहत के लिए कई हिंदू संगठनों ने भी आगे आकर प्रार्थना की है। सामाजिक समरसता की यह तस्वीर इस तनावपूर्ण माहौल में सकारात्मक संदेश दे रही है। वहीँ लोगों का कहना है कि सलीम ने हमेशा समाज को जोड़ने का काम किया है। इसलिए उनकी सलामती के लिए हर वर्ग दुआ कर रहा है। वहीँ सोशल मीडिया पर भी देशभर के लाखों लोगों ने उनके ठीक होने के लिये आर्थिक मदद की है।



