प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की हड़ताल खत्म,मंत्री बंगले के घेराव की कोशिश

रायपुर । आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की हड़ताल खत्म हो गयी है। अपनी छह सूत्री मांगों को लेकर चल रही हड़ताल को फिलहाल बजट तक के लिए स्थगित किया गया है। हड़ताल खत्म करने से पहले आज प्रदेश भर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने महिला बाल विकास मंत्री अनिला भेड़िया के बंगले का घेराव किया। आपको बता दें कि 6 सूत्री मांग को लेकर प्रदेश भर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बूढ़ातालाब धरना स्थल में हड़ताल कर रही थी।

चर्चा के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मंत्री के ओएसडी ने आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को बजट में शामिल किया जा रहा है। बजट में उनकी समस्याओं का समाधान हो जायेगा। आश्वासन के बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपना आंदोलन खत्म कर दिया।

आज दोपहर प्रदेश भर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर महिला बाल विकास मंत्री के बंगले का घेराव करने की कोशिश की। हालांकि बंगले से काफी दूर ही तमाम प्रदर्शनकारी महिलाओं को रोक दिया गया। जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने मंत्री से मिलने की जिद कर दी। पुलिस अधिकारियों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन वो कामयाब नहीं हुए, आखिरकार महिला बाल विकास मंत्री की ओएसडी से चर्चा के बाद आंदोलन को खत्म किया गया।

आपको बता दें कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने शासकीय कर्मचारी घोषित करने, मानसिक पेंशन कार्यकर्ता को 5 हजार सहायिका को 3 हजार तथा सेवानिवृत्ति या मृत्यु होने पर कार्यकर्ता को 5 लाख, सहायिका को 3 लाख देने, मोबाइल में नेट की सुविधा ना हो तब तक मोबाइल का काम ना देने।। सहायिका को कार्यकर्ता के रिक्त पदों पर निशर्त लेने, साथ ही 25 साल के बंधन को समाप्त करने और मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को समान काम का समान वेतन दिया जाए।