कोरबा : किसी क़ानूनी पचड़े में अगर कोई आम आदमी फंस जाता है, तो उसके लिये काफी मुश्किल हालात खड़े हो जाते है। वहीँ सामने आया मामला है, छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के पताड़ी गांव में एक युवक ने आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि युवक ने मौत से पहले एक लाइव वीडियो बनाकर अपने दोस्तों को भेजा था, जिसमें उसने पुलिस प्रताड़ना से परेशान होने की बात कही है।
इस मामले में मिली जानकारी के अनुसार युवक ने वीडियो में कहा है कि उसे घर वालों से किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं है, बल्कि पुलिसकर्मियों द्वारा दी जा रही गालियों और प्रताड़ना से वह काफी परेशान था। इसके बाद युवक ने एक कमरे में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी, विडियो में कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आ पाया है।
इसके साथ ही इस घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना उरगा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया है कि इस घटना की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्यवाही की जायेगी, शुरुआती जांच में अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं हो पाया है।



