बिलासपुर : बिलासपुर में बीच सड़क एक युवती ने शराब के नशे में जमकर हंगामा किया है। मामला है 17 मार्च की रात राजीव गांधी चौक पर वाहन चेकिंग हो रही थी। तभी स्कूटी से आ रही युवती पुलिस को देख भागने लगी और गाड़ी सहित गिर गई। जिसके बाद पुलिस के रोकने पर वह विवाद करने लगी। इस दौरान उसने पुलिस का हाथ पकड़ते हुए थाने ले चलने की बात कही। युवती ने ये भी कहा कि ज्यादा से ज्यादा फांसी होगा न और क्या होगा। युवती के हाईवोल्टेज ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। वाहन चेकिंग के दौरान युवती पुलिसकर्मियों के साथ बहस करते हुए जमकर हंगामा किया। इस मामले में पुलिस ने एमव्ही एक्ट के तहत कार्यवाही की है।
मामले के अनुसार मंगलवार रात राजीव गांधी चौक पर पुलिस की टीम शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों की ब्रेथ एनाइालजर से जांच कर रही थी। रात 10.30 बजे स्कूटी से आ रही युवती पुलिस को देख भागने लगी और गाड़ी सहित गिर गई। पुलिस के रोकने पर उसने कार्यवाही का विरोध करते हुए विवाद करने लगी। वहां मौजूद लोग वीडियो बनाने लगे। युवती गुस्से में आकर बोली कि ज्यादा से ज्यादा फांसी होगी न और क्या होगा, बना ले वीडियो, रील्स बनाकर वायरल कर देना, कोलैब कर देना और क्या होगा। इस बीच पुलिसकर्मियों ने युवती को ब्रेथ एनालाइजर में फूंक मारने को कहा, जिससे पता चला की वह नशे में है।
पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट 185 के तहत कार्यवाही करते हुए स्कूटी को जब्त कर लिया है। बता दें कि यातायात व थाने के द्वारा माह जनवरी से अब तक शराब सेवन कर नशे की हालत में वाहन चलाने वाले 913 आरोपी वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्यवाही की गई है, जिसमें सभी प्रकरण को न्यायालय में पेश किया गया और उन पर अधिक राशि से दंडित की गई है।
वाहनों की होगी निलामी :
यातायात नियमों के उल्लंघनकर्ता जो वाहन चालक अपने वाहनों को न्यायालय उपस्थित होकर सुपुर्दगी में नहीं ले रहे हैं। ऐसे वाहनों की शीघ्र नियमानुसार नीलामी की प्रक्रिया प्रारंभ की जायेगी। वर्तमान में शादी विवाह व अन्य विभिन्न प्रकार के आयोजन के कारण लोग सड़कों पर ज्यादा से ज्यादा आवागमन कर रहे हैं। ऐसे में वाहनों की तादाद सड़कों पर लगातार बढ़ती जा रही है। यातायात नियमों के उल्लंघन के कारण कई बार वाहन चालक सडक़ दुर्घटना में न सिर्फ स्वयं आहत होते हैं अपितु वाहनों में सवार व सामने से आ रहे अन्य राहगीर भी दुर्घटना के चपेट में आ जाते हैं।



