रायपुर : राजधानी में बढ़ती जनसँख्या और वाहनों की संख्या मुसीबत बन रही है, जबकि यातायात सुधारने के नाम पर नये – नये प्रयोग किये जा रहे है। वहीँ अब फिर से यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। भारी एवं मध्यम मालवाहक वाहनों के शहर में प्रवेश पर समयबद्ध प्रतिबंध लागू कर दिया गया है।
विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, रिंग रोड-01 और रिंग रोड-02 से शहर में आने वाले 18 प्रमुख मार्गों पर सुबह 5:00 बजे से रात 12:00 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। यह नियम आदेश जारी होने की तिथि से अगले एक महीने तक प्रभावी रहेगा। इस मामले में पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह फैसला लोक सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से लिया गया है, ताकि शहर में जाम की समस्या कम हो और आम नागरिकों को राहत मिल सके।
इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध :
प्रतिबंध जिन प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर लागू किया गया है, उनमें शामिल हैं—
- तेलीबांधा चौक
- केनाल रोड
- महावीर नगर चौक
- राजेंद्र नगर चौक
- पचपेड़ीनाका चौक
- संतोषीनगर चौक
- भाठागांव चौक
- कुशालपुर चौक
- रायपुरा चौक
- डीडी नगर
- अरिहंत नगर
- टाटीबंध
- हीरापुर टर्निंग
- गोगांव तिराहा
- गोंदवारा तिराहा
- भनपुरी पाटीदार भवन के सामने तक
- विधानसभा रोड (व्हीआईपी तिराहा)
- एक्सप्रेस-वे ब्रिज के नीचे रिंग रोड-01
प्रशासन की अपील :
इसके साथ ही पुलिस प्रशासन ने ट्रांसपोर्टरों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। वहीँ लगातार प्रयोगों के चलते राजधानी की व्यवस्था सुधरने के बजाय बिगड़ती ही जा रही है, जिसको लेकर आम लोगों ने प्रशासन से अपील की है सरकारी कार्यों को नया रायपुर स्थानांतरित किया जाये और राजधानी को जल्द बसाया जाये।



