नकली पानी की बड़ी खेप जब्त, सामने आई चौंकाने वाले जानकारी….।

डोंगरगढ़ : नवरात्रि के त्यौहार के बीच डोंगरगढ़ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां लोगों की सेहत से खिलवाड़ करते हुए अवैध तरीके से पैकिंग वाला गुणवत्ताहीन पानी बनाया जा रहा था। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने ग्राम नागतराई में छापा मारकर इस पूरे खेल का खुलासा किया है, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी साधना चंद्राकर के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में ‘हाइड्रावेडॉ एक्वा’ नाम की फैक्ट्री की जांच की गई। वहीँ मामले की जांच में सामने आया है कि यह यूनिट बिना किसी वैध लाइसेंस के संचालित हो रही थी। इतना ही नहीं, पानी के पाउच पर छपा हुआ निर्माता का पता भी गलत और भ्रामक पाया गया है, जो सीधे तौर पर उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाला है, यह सेहत के साथ बड़ा खिलवाड़ है।

विभाग द्वारा छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से 200 मिलीलीटर के ‘खाद्य हिन्द’ ब्रांड के कुल 606 बोरी पानी पाउच जब्त कर लिये गये है, यह पानी बाजार में खपाने की तैयारी में था, यानी बड़ी संख्या में लोगों तक यह संदिग्ध पानी पहुंच सकता था। इसको लेकर अधिकारियों ने बताया है कि, बिना मानकों के तैयार किया गया यह पानी लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। ऐसे पानी से संक्रमण और अन्य बीमारियों का जोखिम बढ़ जाता है। चंद रूपये कमाने के लिये आम लोगों की जान जोखिम में डाली जा रही है। 

फिलहाल जब्त किये गये पाउच के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद मामले को न्यायालय में पेश किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी। इसके साथ ही प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के अवैध कारोबार पर लगातार कार्यवाही जारी रहेगी। इसके साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं भी मिलावटी या संदिग्ध खाद्य सामग्री की जानकारी मिले, तो तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग की हेल्पलाईन 9340597097 पर शिकायत करें। यह नम्बर डोंगरगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत है।