धर्मान्तरण गिरोह के सीक्रेट नेटवर्क का बड़ा खुलासा, प्रमुख व्यक्ति डेविड चाको गिरफ्तार।

राजनांदगांव : राज्य में अवैध धर्मान्तरण करवाने के मामले लगातार सामने आ रहे है, जिसमें फंडिंग का खुलासा हो चुका है।ऐसे में अब परत दर परत कई मामले सामने आ रहे है। वहीँ अब छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में अवैध धर्मांतरण के कथित नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ी और निर्णायक कार्यवाही करते हुए एक सनसनीखेज खुलासा किया है। मामले के अनुसार थाना लालबाग अंतर्गत सुकुलदेहन चौकी क्षेत्र में संचालित इस पूरे मामले में पुलिस ने 55 वर्षीय डेविड चाको को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसे इस नेटवर्क का प्रमुख संचालक बताया जा रहा है। पुलिस को 8 जनवरी 2026 को मिली शिकायत के बाद शुरू हुई जांच ने चौंकाने वाले तथ्य सामने रखे थे। इन तथ्यों के आधार पर बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया गया है।

मामले की जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी अपने निवास ग्राम धर्मपुर में कथित तौर पर प्रार्थना सभाओं और धार्मिक आयोजनों के नाम पर लोगों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहा था। इतना ही नहीं, बिना किसी वैधानिक अनुमति के आश्रम संचालन और नाबालिग बच्चों को अपने पास रखने जैसे गंभीर आरोप भी सामने आए हैं। छापेमारी और जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग हाथ लगे हैं, जो इस गतिविधि के संगठित और योजनाबद्ध होने की ओर इशारा करते हैं। इस कार्यवाही में आरोपी के कब्जे से लैपटॉप, मोबाईल, सोलर प्रोजेक्टर, धार्मिक प्रचार सामग्री, चर्च से जुड़े रजिस्टर, सदस्यता सूची, शिक्षण दस्तावेज और कथित रूप से भविष्य की रणनीति से जुड़े दस्तावेज बरामद किये गये हैं। इन दस्तावेजों ने जांच एजेंसियों के सामने कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

इस मामले में विदेशी फंडिंग के एंगल को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। ऐसे में मामलों में विदेशी फंडिंग होना ही पाया गया है। वहीँ पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की गहराई से जांच कर रही है, जिससे इस नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धाराओं 3, 4, 5 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 के तहत मामला दर्ज कर उसे 21 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जा रही है।

वहीँ पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की गई है। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य संभावित आरोपियों व सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई है। यह कार्यवाही प्रदेश में अवैध धर्मांतरण के खिलाफ एक बड़ा संदेश मानी जा रही है, जिससे आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। जिसके आगे भी बड़े खुलासे हो सकते है।